संविधान दिवस पर CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- लाल पुस्तिका से फैला रहे भ्रम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान दिवस के मौके पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग लाल पुस्तिका लेकर भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हम सभी का गौरव है और 145 करोड़ भारतीयों का मार्गदर्शक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान हमें अपने कर्तव्यों का बोध कराने के साथ देश के प्रति जिम्मेदारी का एहसास भी कराता है। संविधान सभा के गठन के समय संविधान निर्माताओं ने महात्मा गांधी के उस कथन का ध्यान रखा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत का राजनीतिक भाग्य भारतवासी स्वयं तय करेंगे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह गर्व की बात है कि भारतीय संविधान ने बिना किसी भेदभाव और क्षेत्रीय अंतर के हर वयस्क भारतीय मतदाता को वोट देने का अधिकार दिया। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अगर इन लोगों ने संविधान की प्रति पढ़ी होती तो शायद खुद को भारत की संप्रभुता का संरक्षक बताने का दुस्साहस नहीं करते। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि आजाद भारत में पहला संविधान संशोधन प्रेस की आजादी को बंधक बनाकर किया गया और समय-समय पर अपने स्वार्थ के लिए संविधान में बदलाव किए गए। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने हमेशा भारत की संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करने का प्रयास किया है।

शिक्षा, रोजगार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिनके कार्यकाल में स्कूलों की हालत जर्जर थी, वे आज शिक्षा की बात कर रहे हैं। उस समय स्कूलों में न पर्याप्त भवन थे और न शिक्षक। नकल करवाना उनका जन्मसिद्ध अधिकार बन गया था। योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में युवाओं को रोजगार नहीं मिलता था। नौकरी निकलते ही वसूली शुरू हो जाती थी और परीक्षाओं के पेपर लीक होते थे। गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था, किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे और महिलाओं की गरिमा सुरक्षित नहीं थी।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश की बड़ी आबादी को पेशेवर माफिया और अपराधियों के हाथों बंधक बनाकर रखा गया था। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे लोग किस विकास, सुशासन, सुरक्षा और नैतिकता की बात करते हैं। योगी ने कहा कि कर्फ्यू और उपद्रव के माहौल में विकास के सुनहरे सपने जमीन पर नहीं उतारे जा सकते।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.