योगी आदित्यनाथ ने रचा इतिहास, सपा मुखिया ने कसा तंज...

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के इतिहास में सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का कीर्तिमान स्थापित कर लिया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 8 साल और 132 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया है। पंत का कुल कार्यकाल 8 साल और 127 दिन का था।

योगी आदित्यनाथ ने 19 मार्च 2017 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और 2022 में लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी की। वे यूपी के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला है। साथ ही, वे राज्य के 22वें मुख्यमंत्री और गोरखनाथ मठ के महंत भी हैं।

इस उपलब्धि पर जहां बीजेपी इसे सुशासन और स्थायित्व की जीत बता रही है, वहीं विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “क्या यह भी कोई रिकॉर्ड है? अगर कुछ न करना रिकॉर्ड है तो हां, यह मुख्यमंत्री का रिकॉर्ड होगा। दूसरों के काम का श्रेय लेना ही इनका तरीका है।”

अखिलेश ने आगे कहा, “तथाकथित डबल इंजन सरकार का हाल ये है कि दिल्ली में बैठे लोगों को नहीं पता कि लखनऊ में गुप्त रूप से ज़मीन के नीचे सुरंग खोदी जा रही है। जब बाद में पता चलेगा तो चौंक जाएंगे। इसलिए रिकॉर्ड की नहीं, असल काम की बात होनी चाहिए।”

उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। एक ओर जहां भाजपा नेता इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बता रहे हैं, वहीं विपक्ष सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.