‘यूपी के बिना आजादी की लड़ाई अधूरी’, स्वतंत्रता दिवस पर बोले सीएम योगी
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में देशभक्ति और उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और ध्वजारोहण किया। अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और आज हर सेक्टर में विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा। वीर बलिदानियों ने हमें आजादी दिलाई और उत्तर प्रदेश की धरती से ही आजादी का बिगुल बजा था। यूपी के बिना स्वतंत्रता आंदोलन की कहानी अधूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी है, जब समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को उसका अधिकार और सम्मान मिले। इसी सोच के साथ सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है।
सीएम योगी ने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत प्राथमिक विद्यालयों में 19 मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रदेश में स्कूल ड्रॉपआउट रेट 20 प्रतिशत से घटकर करीब 3 प्रतिशत रह गया है। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की पहली पंक्ति का योद्धा बताते हुए कहा कि शिक्षकों और उनके परिजनों के लिए कैशलेस इलाज की व्यवस्था की गई है। DBT के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों के खातों में पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 65 लाख से अधिक लोगों को आवास और 3 करोड़ से ज्यादा लोगों को शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। करीब 16 करोड़ लोगों को निशुल्क खाद्यान्न दिया जा रहा है। विभिन्न जनजातियों को भी सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ा गया है, जबकि 57,600 ग्राम पंचायतों को ग्राम सचिवालय से जोड़ा गया है।
महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों की महिलाएं और बेटियां स्वरोजगार से जुड़ रही हैं। ड्रोन तकनीक के जरिए खेती को आसान बनाने में भी महिलाएं भागीदारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की नारी शक्ति विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ अभियान को नई गति मिली है और पंचायत तथा पुलिस में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।
किसानों का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसान का सम्मान देश के अन्न का सम्मान है। विभिन्न योजनाओं के जरिए किसानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। सरकार ने किसानों को बिचौलियों से राहत दिलाने की दिशा में काम किया है। प्रदेश में 24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि के लिए सिंचाई की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के युवाओं को प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि यूपी का युवा प्रतिभाशाली और मेहनती है। सरकार ने नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। वहीं AI और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द नई यूथ पॉलिसी लेकर आएगी। इसके जरिए युवाओं को स्किल और इनोवेशन से जुड़ी नई सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसा उत्तर प्रदेश बना रही है, जहां विरासत के साथ भविष्य की तकनीक का भी समावेश हो। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों और विरासतों के संरक्षण का काम आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 2025 में 156 करोड़ पर्यटक उत्तर प्रदेश आए। सारनाथ का वर्ल्ड हेरिटेज सूची में शामिल होना भी उन्होंने प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को उसका अधिकार दिलाना ही अंत्योदय है और गरीब के लिए यही स्वाधीनता का वास्तविक अर्थ है।
इससे पहले सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए भी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए ‘राष्ट्र प्रथम’ का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अमर बलिदानियों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेकर कर्तव्यनिष्ठा और जनभागीदारी के माध्यम से ‘विकसित भारत’ और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को पूरा करने में सभी को योगदान देना चाहिए।
No Previous Comments found.