लखनऊ: चाइनीज़ मांझे से मौत को अब हत्या माना जाएगा — सीएम योगी का सख्त रुख
लखनऊ के दुबग्गा निवासी 33 वर्षीय मोहम्मद शोएब की चाइनीज मांझे से हुई मौत को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रतिबंध के बावजूद यह खतरनाक मांझा बाजार में कैसे बिक रहा है और साफ किया कि अब चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को हत्या माना जाएगा।
-1770249430475_v.webp)
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाकर छापेमारी करने और इस मामले की उच्चस्तरीय समीक्षा के निर्देश दिए हैं। सरकार का मानना है कि इस सख्ती से अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगेगी।
हैदरगंज ओवरब्रिज पर हुई इस घटना के अलावा जौनपुर में डॉक्टर समीर हाशमी, शाहजहांपुर में रवि शर्मा, अलीगढ़ में सलमान और ड्यूटी पर जा रहे कांस्टेबल शाहरुख हसन की भी चाइनीज मांझे से जान जा चुकी है। हाल के वर्षों में मेरठ समेत कई जिलों में लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मकर संक्रांति के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से भी ऐसी घटनाएं सामने आईं।
चाइनीज मांझा, जिसे प्लास्टिक या सिंथेटिक मांझा भी कहा जाता है, नायलॉन या पॉलिएस्टर से बनाया जाता है और उस पर कांच व धातु के बेहद बारीक कण चढ़ाए जाते हैं। ये कण आंखों से दिखाई नहीं देते, लेकिन मांझे को बेहद धारदार और जानलेवा बना देते हैं, इसी कारण इस पर कई जगहों पर प्रतिबंध है।


No Previous Comments found.