योगी आदित्यनाथ पर टूटा दुखों का पहाड़, मां सावित्री देवी का निधन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव में अंतिम सांस ली। उम्र संबंधी बीमारियों के चलते उनका निधन हुआ। पंचूर गांव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव भी है और उनका परिवार लंबे समय से इसी गांव से जुड़ा रहा है।

योगी आदित्यनाथ का जन्म उत्तराखंड में हुआ था और उनका बचपन पंचूर गांव में ही बीता। मई 2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लंबे समय बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी से मुलाकात की थी। मां के पैर छूकर उन्होंने उनका आशीर्वाद लिया था। यह मुलाकात उस समय काफी चर्चा में रही थी।

जून 2024 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड पहुंचे थे। इस दौरान वह ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल गए थे, जहां उनकी मां सावित्री देवी भर्ती थीं। योगी आदित्यनाथ ने मां से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। वह कुछ देर तक उनके पास रुके और बातचीत करने के बाद वहां से चले गए थे। सावित्री देवी इलाज के लिए एम्स पहुंची थीं। जांच के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। हालांकि, आंखों की जांच के लिए उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे। दिल्ली के एम्स में उनका इलाज चल रहा था। उन्हें किडनी और लिवर से जुड़ी परेशानी थी और हालत गंभीर होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। इलाज के दौरान एम्स में ही उनका निधन हो गया था।

पिता के निधन की खबर उस समय योगी आदित्यनाथ को मिली थी, जब वह कोरोना संकट से निपटने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। आनंद सिंह बिष्ट उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव में रहते थे। वह उत्तराखंड वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत थे और वर्ष 1991 में सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद वह गांव में ही रहने लगे थे। सावित्री देवी के निधन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार में शोक की लहर है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.