योगी सरकार का बड़ा एक्शन! यूपी में नकली डेयरी प्रोडक्ट्स पर पूरी तरह रोक

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने जनता की सेहत को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने प्रदेश में सभी तरह के एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगा दी है। इस आदेश के बाद एनालॉग पनीर, क्रीम, घी, छेना और खोया जैसे उत्पादों की बिक्री पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।

सरकार के इस फैसले के दायरे में एनालॉग पनीर, एनालॉग क्रीम, एनालॉग घी, एनालॉग छेना और एनालॉग खोया शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य मिलावटी और नकली डेयरी उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाकर लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

दरअसल, कुछ समय पहले उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में दूध और दूध से बने उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की गई थी। खाद्य विभाग की टीमों ने कई जगहों पर छापेमारी कर सैंपल लिए थे। जांच रिपोर्ट में दूध और पनीर समेत कई उत्पादों में भारी मिलावट सामने आई।

जांच में पाया गया कि कुछ उत्पादों में दूध की जगह रिफाइंड तेल, अलग-अलग तरह की फैट और सोयाबीन या उसके उत्पादों का इस्तेमाल किया जा रहा था। वहीं दूध और खोए के कुछ सैंपलों में टेल्कम पाउडर, डिटर्जेंट, टाइटेनियम डाइऑक्साइड, लिक्विड ग्लूकोज, सेफोलाइट, रानीपॉल, टीनोपॉल, हाइड्रोजन परॉक्साइड और अन्य हानिकारक न्यूट्रीलाइजर जैसे पदार्थ पाए जाने की बात सामने आई।

सरकार के मुताबिक ऐसे मिलावटी उत्पाद लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत दूध और उससे जुड़े उत्पादों की गुणवत्ता और उनकी मौलिक प्रकृति को बनाए रखने के लिए नियम तय किए गए हैं।

इसी के तहत खाद्य सुरक्षा आयुक्त की जिम्मेदारी है कि लोगों को सुरक्षित और मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध हो। सरकार का कहना है कि इसी जिम्मेदारी के तहत एनालॉग डेयरी उत्पादों पर यह सख्त कदम उठाया गया है, ताकि प्रदेश में नकली और मिलावटी डेयरी उत्पादों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.