इमर्जिंग यूपी की थीम पर 9.12 लाख करोड़ का बजट, विकास और रोजगार पर जोर
इमर्जिंग यूपी की थीम पर 9.12 लाख करोड़ का बजट, विकास और रोजगार पर जोर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 9.12 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। अपने कार्यकाल का 10वां बजट पेश करते हुए उन्होंने ‘इमर्जिंग यूपी’ की थीम पर जोर दिया और इसे प्रदेश को विकास, निवेश और तकनीकी नवाचार के नए दौर में ले जाने वाला बताया। बजट में अवस्थापना विकास, उभरती तकनीक, युवा, महिला और किसानों को केंद्र में रखा गया है।
‘सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान, हर हाथ को काम, तकनीकी निवेश से समृद्ध होता उत्तर प्रदेश’ की अवधारणा के साथ तैयार इस बजट में सड़कों, एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक कॉरिडोर, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और नए निवेश क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। सरकार का फोकस रोजगार सृजन और निजी निवेश को बढ़ावा देने पर है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिल सके और युवाओं के लिए अवसर बढ़ें।
हालांकि बजट में कोई बड़ी लोक-लुभावनी घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा था कि सरकार अपने अंतिम पूर्ण बजट में पेंशन बढ़ोतरी या महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा जैसी घोषणाएं कर सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वर्ष 2022 के लोक कल्याण संकल्प पत्र में किए गए कुछ वादे—जैसे वृद्धावस्था, विधवा, निराश्रित महिला और दिव्यांग पेंशन को 1500 रुपये प्रतिमाह करना तथा 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन निःशुल्क करना—अब भी लंबित हैं।
विश्लेषकों का मानना है कि यह बजट सीधे लाभ की घोषणाओं के बजाय दीर्घकालिक विकास और राजनीतिक स्थिरता पर केंद्रित है। ‘इमर्जिंग यूपी’ के जरिए भाजपा आगामी चुनाव में ‘हैट-ट्रिक’ की रणनीति को मजबूती देने की कोशिश करती नजर आ रही है।


No Previous Comments found.