मुर्शिदाबाद हिंसा पर योगी का ममता सरकार पर हमला, केंद्रीय बलों की तैनाती का किया स्वागत
मुर्शिदाबाद हिंसा पर योगी का ममता सरकार पर हमला, केंद्रीय बलों की तैनाती का किया स्वागत
हरदोई/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुर्शिदाबाद में हुई हालिया हिंसा को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। हरदोई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने आरोप लगाया कि बंगाल में स्थिति गंभीर होने के बावजूद राज्य सरकार चुप्पी साधे हुए है।
योगी ने कहा, “बंगाल जल रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री मौन हैं। दंगाइयों को ‘शांति का दूत’ कहने से हालात नहीं सुधरेंगे। जो लोग केवल बल की भाषा समझते हैं, वे शब्दों से नहीं मानते। धर्मनिरपेक्षता के नाम पर दंगाइयों को खुली छूट दी गई है।” उन्होंने कहा कि मुर्शिदाबाद पिछले एक सप्ताह से अशांति का सामना कर रहा है और राज्य सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
मुख्यमंत्री ने कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा हिंसाग्रस्त क्षेत्र में केंद्रीय बलों की तैनाती के निर्देश का स्वागत करते हुए न्यायपालिका का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह आवश्यक कदम है। साथ ही, योगी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।
वक्फ संशोधन अधिनियम को लेकर भी योगी ने केंद्र सरकार की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए इसे गरीबों की जमीन वापस दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
गौरतलब है कि मुर्शिदाबाद में वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़क गई थी। घटनाओं में तीन लोगों की मौत, कई के घायल होने और संपत्ति के नुकसान की खबर है। हालांकि, पश्चिम बंगाल पुलिस ने सोमवार को दावा किया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और सीआरपीएफ व राज्य पुलिस की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।


No Previous Comments found.