बजट 2026-27: ‘जीरो फैटेलिटी’ विजन के साथ सड़क सुरक्षा और एयर कनेक्टिविटी पर बड़ा निवेश-
बजट 2026-27: ‘जीरो फैटेलिटी’ विजन के साथ सड़क सुरक्षा और एयर कनेक्टिविटी पर बड़ा निवेश-
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने बजट 2026-27 में सड़क सुरक्षा और आधुनिक परिवहन ढांचे को प्राथमिकता देते हुए कई अहम घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि कम करने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए ‘मुख्यमंत्री जीरो फैटेलिटी विजन योजना’ के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही ‘मुख्यमंत्री सड़क सेफ्टी विजन योजना’ के तहत भी 50 करोड़ रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है, जिससे हादसों में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।
प्रदेश में मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी को सशक्त करने के लिए गौतमबुद्धनगर में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की भूमि पर परिवहन विभाग का नया कार्यालय बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में पांच करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। साथ ही आधुनिक बस अड्डों के निर्माण हेतु 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
हरित और सतत परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार ने ईवी बसों की खरीद के लिए 400 करोड़ रुपये और बस अड्डों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए 50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को भी मजबूती मिलेगी।
जेवर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए अतिरिक्त 750 करोड़ रुपये दिए गए हैं। सरकार इसे पांच रनवे वाला अत्याधुनिक एयरपोर्ट बनाने और एमआरओ व एविएशन हब के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। इसके अलावा हवाई पट्टियों के विस्तार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना के तहत 1,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।


No Previous Comments found.