मेरठ में कांवड़ियों के स्वागत को पहुंचे सीएम योगी, दुल्हैड़ा चुंगी पर हुई पुष्पवर्षा
कांवड़ यात्रा के बीच शनिवार को मेरठ का दुल्हैड़ा चुंगी इलाका उस समय शिवमय हो गया, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कांवड़ मार्ग पर मौजूद शिवभक्तों पर फूल बरसाकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान पूरा मार्ग भगवा रंग में नजर आया और जगह-जगह ‘बोल बम’ के जयकारे गूंजते रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शोभित विश्वविद्यालय से कार के जरिए दुल्हैड़ा चुंगी पहुंचे। पुलिस चौकी के नजदीक उनके लिए कार्यक्रम स्थल बनाया गया था। यहां उन्होंने करीब आधे घंटे का समय बिताया और कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। हालांकि उनके संबोधन का कार्यक्रम तय था, लेकिन मुख्यमंत्री ने मंच से कोई भाषण नहीं दिया।
पुष्पवर्षा कार्यक्रम पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री वापस शोभित विश्वविद्यालय के लिए रवाना हुए। वहां बने हेलीपैड से उन्होंने राजकीय हेलीकॉप्टर के जरिए गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान किया।
कांवड़ मार्ग पर प्रशासन की पैनी नजर
कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ में लगातार बढ़ रही शिवभक्तों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा है। प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शोभित विश्वविद्यालय से दुल्हैड़ा चुंगी तक सुरक्षा का विशेष इंतजाम किया गया था। कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। सुरक्षा एजेंसियों ने भी पूरे क्षेत्र पर नजर बनाए रखी।
ड्रोन ने बढ़ाई सुरक्षा अधिकारियों की चिंता
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा एक और घटनाक्रम सामने आया। कार्यक्रम स्थल के सामने आसमान में एक ड्रोन काफी देर तक दिखाई देता रहा। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में बिना अनुमति ड्रोन उड़ता देख सुरक्षाकर्मियों में हलचल मच गई।
पुलिस और सुरक्षा टीम ने ड्रोन संचालक का पता लगाने के लिए आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। मौके पर तैनात कर्मचारियों ने भी ड्रोन को लेकर जानकारी जुटाई।
माइक से कराई गई ड्रोन उतारने की अपील
ड्रोन की मौजूदगी को लेकर कार्यक्रम स्थल पर लगे माइक से घोषणा कराई गई। संचालक से तत्काल ड्रोन नीचे करने के लिए कहा गया। लगातार की गई अपील के बाद ड्रोन को जमीन पर उतार लिया गया।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा को लेकर पहले से ही व्यापक इंतजाम किए गए थे। ऐसे में ड्रोन की घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने अतिरिक्त सतर्कता बरती
No Previous Comments found.