शादी से पहले पिता ने रखी अनोखी शर्त, दामाद से मांगे 11 लाख रुपये ‘ब्राइड प्राइस’
मलेशिया में एक 31 वर्षीय युवक की प्रेम कहानी उस समय विवाद और चर्चा का कारण बन गई, जब शादी की बात एक आर्थिक मांग पर अटक गई। युवक ने सोशल मीडिया पर अपनी पहचान छिपाते हुए अपनी आपबीती साझा की, जिसमें उसने बताया कि कैसे एक छोटी सी शुरुआती गलतफहमी धीरे-धीरे रिश्ते में बड़ी रुकावट बन गई।
युवक के अनुसार, करीब चार साल पहले वह पहली बार अपनी प्रेमिका के परिवार से मिलने गया था, लेकिन रास्ते में कार का टायर पंचर हो जाने के कारण उसे एक घंटे की देरी हो गई। उसने पहुंचते ही माफी मांगी, लेकिन होने वाले ससुर ने इस देरी को उसकी “गैर-जिम्मेदार छवि” के रूप में देख लिया।
इसके बाद युवक ने रिश्ते को बेहतर बनाने की हर संभव कोशिश की त्योहारों पर उपहार देना, परिवार के साथ समय बिताना और छोटे-मोटे कामों में मदद करना लेकिन उसके मुताबिक, ससुर की धारणा उसके प्रति नहीं बदली।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब शादी की बात आगे बढ़ी। युवक का आरोप है कि उसके होने वाले ससुर ने विवाह की सहमति के बदले 50,000 मलेशियाई रिंगित (लगभग 11 लाख रुपये) की ‘ब्राइड प्राइस’ की मांग रख दी। यह राशि उसके लिए काफी बड़ी थी और उसे महसूस हुआ कि यह शर्त रिश्ते को आगे बढ़ाने के बजाय रोकने का एक तरीका बन गई है।
युवक ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि बातचीत के दौरान उसे अक्सर उसके करियर और आर्थिक स्थिति को लेकर ताने सुनने पड़ते हैं और उसके प्रयासों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। उसने भावुक होकर लिखा कि वह अपनी साथी को अच्छी जिंदगी देना चाहता है, लेकिन रातों-रात आर्थिक रूप से सक्षम बनना उसके लिए संभव नहीं है।यह मामला अब सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गया है, जहां लोग इसे परंपरा, आर्थिक अपेक्षाओं और रिश्तों में संतुलन जैसे मुद्दों से जोड़कर देख रहे हैं।
No Previous Comments found.