इतिहास की दुनिया में कई ऐसे रहस्य छिपे हैं, जो समय-समय पर वैज्ञानिकों को भी हैरान कर देते हैं. मिस्र में हाल ही में हुई एक पुरातात्विक खोज ने विशेषज्ञों को चौंका दिया है. अल-बहासा क्षेत्र में मिली एक प्राचीन ममी के भीतर से ऐसा अवशेष बरामद हुआ, जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी.
आमतौर पर ममियों के साथ धार्मिक मंत्र, ताबीज या कीमती आभूषण मिलते हैं, क्योंकि प्राचीन मिस्र के लोग मानते थे कि ये चीजें आत्मा की परलोक यात्रा में मदद करती हैं. लेकिन इस बार शोधकर्ताओं को ममी के पेट के अंदर एक पुराना पपायरस मिला, जिसने पूरी कहानी बदल दी.
जांच में पता चला कि इस पपायरस पर यूनानी कवि होमर की प्रसिद्ध रचना ‘इलियड’ का हिस्सा लिखा हुआ है. इसमें ट्रोजन युद्ध की ओर बढ़ रही यूनानी सेना और उनके जहाजों का वर्णन किया गया है. वैज्ञानिकों के अनुसार यह पहली घटना है, जब किसी ममी के शरीर के अंदर से साहित्यिक रचना का अंश मिला हो.
इस खोज ने प्राचीन दफन संस्कारों को लेकर नई चर्चाएं शुरू कर दी हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि उस दौर में साहित्य को केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक महत्व भी दिया जाता था. शायद इसी वजह से इस कविता को मृतक के साथ दफनाया गया.
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हजारों साल गुजरने के बावजूद पपायरस काफी हद तक सुरक्षित मिला. शोधकर्ताओं का कहना है कि ममीकरण की प्रक्रिया सामान्य तरीकों से अलग थी, जिसकी वजह से यह दस्तावेज बचा रह गया.
खुदाई के दौरान वैज्ञानिकों को कई और अनोखी चीजें भी मिलीं. कुछ ममियों की जीभ सोने से बनी हुई पाई गई. माना जाता है कि प्राचीन मिस्र में सोने की जीभ मृत आत्मा को देवताओं से संवाद करने की शक्ति देने का प्रतीक थी. इसके अलावा खूबसूरती से सजाए गए ताबूत और कई दुर्लभ कलाकृतियां भी मिलीं, जो उस समय की समृद्ध संस्कृति और धार्मिक मान्यताओं को दर्शाती हैं.
यह पूरा शोध अभियान बार्सिलोना विश्वविद्यालय की टीम की निगरानी में किया गया. खुदाई मिस्र के प्राचीन शहर ऑक्सीरहिन्चस में हुई, जो काहिरा से लगभग 190 किलोमीटर दूर स्थित है.
No Previous Comments found.