ऑफिस की अजीब पॉलिसी... वॉशरूम में बिताया ज्यादा टाइम तो करना होगा ओवरटाइम, पोस्ट वायरल

आमतौर पर कंपनियां कर्मचारियों की परफॉर्मेंस, उपस्थिति और काम के घंटों पर नजर रखती हैं, लेकिन एक कंपनी की कथित नीति इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। दावा किया जा रहा है कि यहां कर्मचारियों के वॉशरूम ब्रेक की अवधि भी रिकॉर्ड की जा रही है और निर्धारित सीमा से अधिक समय होने पर अतिरिक्त समय तक ऑफिस में रुकने के लिए कहा जाता है।

यह मामला तब सामने आया जब अहमदाबाद के एक कर्मचारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर अपना अनुभव साझा किया। कर्मचारी के मुताबिक, वह करीब 10 महीनों से कंपनी में कार्यरत है और हाल ही में प्रबंधन ने कर्मचारियों के वॉशरूम ब्रेक को ट्रैक करना शुरू किया है।

उसने बताया कि एक दिन उसे सूचित किया गया कि उसने पूरे दिन में लगभग 53 मिनट वॉशरूम ब्रेक लिया, जबकि कंपनी की ओर से इसके लिए 30 मिनट की सीमा तय की गई है। कर्मचारी का आरोप है कि निर्धारित समय से अधिक ब्रेक लेने के कारण उसे अतिरिक्त समय तक ऑफिस में रुककर काम करने को कहा गया।

कर्मचारी का कहना है कि उसका काम हमेशा समय पर पूरा होता है और अब तक उसके प्रदर्शन को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली है। उसने यह भी दावा किया कि वह वॉशरूम जाते समय अपना मोबाइल फोन भी कार्यस्थल पर छोड़ देता है, ताकि उसके ऊपर समय बर्बाद करने का आरोप न लगाया जा सके।

पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस तरह की निगरानी और कर्मचारियों की निजता को लेकर बहस शुरू हो गई है। कई यूजर्स ने इसे अनुचित बताया, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि कंपनियों को कार्यस्थल की उत्पादकता बनाए रखने के लिए कुछ नियम बनाने का अधिकार है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.