Gulab Jamun History: मुगल रसोई से लेकर हर भारतीय थाली तक का सफर

 

नरम, रस से भरा और मुंह में घुल जाने वाला गुलाब जामुन भारत की सबसे पसंदीदा मिठाइयों में से एक है.लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस स्वादिष्ट मिठाई के पीछे एक दिलचस्प इतिहास छिपा है? माना जाता है कि गुलाब जामुन का जन्म मुगल काल में हुआ और इसका संबंध शाहजहाँ  के शाही रसोईघर से जुड़ा हुआ है.

मुगल रसोई में हुई एक गलती से हुआ जन्म

गुलाब जामुन के आविष्कार को लेकर एक लोकप्रिय कहानी है. कहा जाता है कि मुगल काल में शाही रसोई में बचा हुआ मावा खराब होने वाला था. ऐसे में रसोइए ने उसे तलकर चीनी की चाशनी में डालने का प्रयोग किया. यह प्रयोग इतना सफल रहा कि यह मिठाई शाही परिवार को बेहद पसंद आई और धीरे-धीरे यह खास व्यंजन बन गई.

मिडिल ईस्ट से मिली प्रेरणा

गुलाब जामुन अचानक से नहीं बना, बल्कि यह मिडिल ईस्ट की मिठाइयों जैसे लुक्मत अल कादी और तुलुम्बा से प्रेरित था. हालांकि, भारतीय रसोइयों ने इसे स्थानीय स्वाद और सामग्री के अनुसार बदल दिया.
जहां मिडिल ईस्ट की मिठाइयां आटे से बनती थीं, वहीं भारत में इसमें मावा या खोया का इस्तेमाल शुरू हुआ. यही बदलाव इसे और ज्यादा मुलायम और स्वादिष्ट बनाता है, जिससे यह मिठाई पूरी तरह भारतीय रूप में ढल गई.

नाम के पीछे की कहानी

गुलाब जामुन का नाम भी अपने आप में खास है. “गुलाब” शब्द फारसी भाषा से लिया गया है, जिसका मतलब है गुलाब जल जो इसकी खुशबूदार चाशनी को दर्शाता है. वहीं “जामुन” एक फल है, जिससे इसका आकार और रंग मिलता-जुलता है.

शाही मिठाई से आम लोगों की पसंद तक

जो मिठाई कभी मुगल शाही रसोई की शान हुआ करती थी, आज वह भारत के हर घर की पहचान बन चुकी है. शादी, त्योहार या कोई भी खुशी का मौका हो, गुलाब जामुन हर जश्न का अहम हिस्सा बन गया है.गुलाब जामुन सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि इतिहास, परंपरा और स्वाद का अनोखा संगम है, जिसने समय के साथ खुद को हर दिल की पसंद बना लिया.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.