एसएन मेडिकल कॉलेज में पहली बार सफल ओपन हार्ट सर्जरी
आगरा : एसएन मेडिकल कॉलेज में पहली बार सफलतापूर्वक ओपन हार्ट सर्जरी की गई। 58 वर्षीय महिला मरीज पार्वती, निवासी भगवान टॉकीज, आगरा, पिछले करीब दो वर्षों से सांस फूलने की समस्या से परेशान थीं। कई अस्पतालों में उपचार के बावजूद उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने एस.एन. मेडिकल कॉलेज की CTVS OPD में परामर्श लिया।
जांच में मरीज के हृदय में करीब 4 सेमी का बड़ा छेद (ASD) पाया गया। इसके साथ हृदय के एक वाल्व में गंभीर लीकेज तथा फेफड़ों की धमनियों में अत्यधिक दबाव (Pulmonary Hypertension) था। सांस की गंभीर तकलीफ के कारण मरीज को बार-बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ रहा था।
मरीज की गंभीर एवं जटिल स्थिति को देखते हुए इसे हाई-रिस्क कार्डियक सर्जरी के रूप में लिया गया। ऑपरेशन के दौरान हृदय को नियंत्रित रूप से रोककर हार्ट-लंग मशीन (Cardiopulmonary Bypass) की सहायता से सर्जरी की गई। हृदय के छेद को कृत्रिम पैच की सहायता से बंद किया गया तथा लीक कर रहे वाल्व की मरम्मत (Valve Repair) की गई।
सफल सर्जरी के बाद मरीज को हार्ट-लंग मशीन से सुरक्षित रूप से वापस लाया गया और हृदय ने सामान्य रूप से कार्य करना शुरू किया। मरीज को वेंटिलेटर से भी सफलतापूर्वक हटा दिया गया और वर्तमान में उसकी स्थिति संतोषजनक है।
यह एस.एन. मेडिकल कॉलेज के इतिहास में पहली ओपन हार्ट सर्जरी है, जिसे संस्थान और पूरे आगरा शहर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
सर्जरी टीम में CTVS विभाग से डॉ. सुशील सिंघल, डॉ. विमलेश एवं डॉ. चैतन्य शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. योगिता, डॉ. अपूर्व मित्तल, डॉ. अतिहार्ष, डॉ. दीपक एवं डॉ. दीपिका चौबे का महत्वपूर्ण योगदान रहा। CTVS स्टाफ, ऑपरेशन थिएटर तकनीशियन एवं परफ्यूजनिस्ट ने भी पूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि संस्थान में पहली बार ओपन हार्ट सर्जरी का सफलतापूर्वक होना पूरे कॉलेज और आगरा शहर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
रिपोर्टर : अनुज उपाध्याय

No Previous Comments found.