आंदोलन के दबाव के बाद पेडगांव–श्रीगोंदा सड़क का रुका काम फिर शुरू; ग्रामीणों के आंदोलन को मिली सफलता
अहिल्यानगर : पेडगांव से श्रीगोंदा (प्रजिमा-62) तक महत्वपूर्ण सड़क का पिछले दो महीनों से रुका हुआ काम आखिरकार फिर से शुरू हो गया है। सड़क को पूरी तरह खोदकर काम अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसको लेकर ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी थी।
इस समस्या को लेकर श्रीगोंदा कृषि उत्पन्न बाजार समिति के संचालक प्रशांत ओगले तथा पेडगांव, चोरीचीवाड़ी, अधोरेवाड़ी और नवनाथनगर के ग्रामीणों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को ज्ञापन देकर सड़क का काम तत्काल शुरू कर पूरा करने की मांग की थी। काम शुरू नहीं होने पर 8 सितंबर 2026 को सार्वजनिक निर्माण विभाग उपविभाग, श्रीगोंदा में धरना आंदोलन करने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद ग्रामीणों की ओर से धरना आंदोलन भी किया गया।
आंदोलन और ग्रामीणों की लगातार मांग को गंभीरता से लेते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग उपविभाग, श्रीगोंदा ने 8 सितंबर 2026 को पत्र जारी कर सड़क का काम दोबारा शुरू होने की जानकारी दी है। विभाग के अनुसार वर्तमान में काम प्रगति पर है। साथ ही खोदाई की गई सड़क की लंबाई में एक तरफ का कंक्रीटीकरण पूरा होने तक काम बंद नहीं रहेगा, ऐसा भी विभाग ने स्पष्ट किया है।
ग्रामीणों के लगातार प्रयास और आंदोलन के बाद सड़क के रुके हुए काम को दोबारा गति मिलने से नागरिकों में संतोष का माहौल है। हालांकि, ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क का काम गुणवत्तापूर्ण तरीके से और निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
इस अवसर पर संतोष शिंदे, भगवान आप्पा कणसे, शहाजी पाटील खेडकर, संतोष भोईटे, सचिन गायकवाड, महेश दरेकर, शंकर कोठारी, मुजफ्फर मालजप्ते, सोहेल शेख, दादा काटकर, सचिन झीटे, अमोल भोसले, संदीप दहातोंडे, सुरज शेख, योगेश शेळके, शिवाजी नवले, विक्रम मरगज, ओंकार गोसावी, जहीर सय्यद सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
रिपोर्टर : अमर घोडके
No Previous Comments found.