जिले में 32 केन्द्रों पर 12,146 विद्यार्थी होंगे शामिल
आलीराजपुर : जिले में माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश की कक्षा 10वीं एवं कक्षा 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं क्रमशः 10 फरवरी एवं 13 फरवरी 2026 से प्रारंभ होंगी। परीक्षाओं का समय प्रातः 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में परीक्षा संचालन हेतु मण्डल द्वारा कुल 32 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इन केन्द्रों पर कुल 12,146 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनमें कक्षा 10वीं के 6,624 तथा कक्षा 12वीं के 5,522 विद्यार्थी शामिल हैं।
दिनांक 29 जनवरी 2026 को मण्डल परीक्षा की तैयारियों के संबंध में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में प्राप्त निर्देशों के अनुसार परीक्षा अवधि के दौरान सोशल मीडिया एवं टेलीग्राम पर सतत निगरानी रखी जाएगी। साथ ही प्रश्न पत्रों की गोपनीयता भंग करने अथवा भ्रामक खबरें फैलाने की किसी भी कोशिश पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए, जिससे जिले में व्यापक जनहित एवं छात्र हित में मण्डल द्वारा संचालित परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराई जा सकें।
रिपोर्टर : विजय जैन


No Previous Comments found.