जोबट में एआईजे का 600वाँ विराट पत्रकार महासमागम एवं पत्रकार कल्याण समारोह संपन्न
अलीराजपुर : आदिवासी अंचल जोबट ने रविवार को भारतीय पत्रकारिता के इतिहास का एक गौरवपूर्ण अध्याय लिखा। एसोसिएशन ऑफ इंडियन जर्नलिस्ट (एआईजे) के तत्वावधान में जिला इकाई आलीराजपुर द्वारा आयोजित 600वाँ विराट पत्रकार महासमागम, पत्रकार सम्मान एवं पत्रकार कल्याण समारोह श्री रिसॉर्ट गार्डन, खट्टाली रोड, जोबट में अभूतपूर्व गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पवर्षा एवं अतिथियों के माल्यार्पण से हुआ। आकर्षक मंच सज्जा, सुव्यवस्थित आयोजन और पत्रकारों के उत्साह ने समारोह को एक भव्य राष्ट्रीय महोत्सव का स्वरूप प्रदान किया।
एआईजे केवल संगठन नहीं, पत्रकारों के सम्मान और कल्याण का राष्ट्रीय अभियान : विक्रम सेन
स्वागत उद्बोधन देते हुए एआईजे के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विक्रम सेन ने देशभर से पधारे पत्रकारों एवं अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि एआईजे केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, अधिकार और स्वाभिमान को समर्पित राष्ट्रीय अभियान है।
ग्रामीण पत्रकार ही पत्रकारिता के वास्तविक प्रहरी : क्रांति चतुर्वेदी
नवभारत समूह के समूह संपादक एवं एआईजे के संरक्षक श्री क्रांति चतुर्वेदी ने कहा कि गाँवों और दूरस्थ अंचलों में सीमित संसाधनों के बीच कार्य करने वाले पत्रकार ही वास्तविक अर्थों में पत्रकारिता के प्रहरी हैं।
पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़ हैं : एसपी रघुवंश सिंह
आलीराजपुर पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़ हैं। निष्पक्ष एवं प्रमाण आधारित पत्रकारिता शासन और समाज दोनों को जवाबदेह बनाती है तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करते रहे।
जोबट में पत्रकारों की ऐतिहासिक उपस्थिति अविस्मरणीय : विशाल रावत
कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता श्री विशाल रावत ने कहा कि आदिवासी अंचल जोबट में एक साथ सैकड़ों पत्रकारों का जुटना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का सम्मान लोकतंत्र और जनचेतना का सम्मान है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री राहुल भाई , श्री अरविंद कनेश, युवा समाजसेवी श्री नितेश अग्रवाल तथा आदिवासी समाज में उल्लेखनीय परिवर्तन लाने वाले समाजसेवी नेता श्री नितेश अलावा का भी विशेष सम्मान किया गया।
महासमागम का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय पत्रकारों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु लिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन की पहल पर 34वा सेवा अनुबंध संजीवनी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, बड़वानी के साथ हुआ।
इसके अंतर्गत एआईजे से जुड़े पत्रकारों, उनके परिजनों, रिश्तेदारों एवं परिचितों को उपचार एवं चिकित्सा सेवाओं पर 30 प्रतिशत तक विशेष रियायत उपलब्ध कराई जाएगी।
संजीवनी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, बड़वानी की डायरेक्टर डॉ. रश्मि पाटीदार ने भी एआईजे सदस्यों एवं उनके परिवारों के लिए विभिन्न उपचारों एवं अस्पताल बिलों पर 30 प्रतिशत तक विशेष रियायत देने की घोषणा की। आईसीयू शुल्क मात्र 1500 रुपए प्रतिदिन सहित विभिन्न राहत की घोषणा भी डॉ रश्मि पाटीदार ने की।
अस्पताल में 24×7 आपातकालीन सेवा, सीटी स्कैन, डायलिसिस, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, न्यूरो साइंस, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, हड्डी एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट, ईएनटी सहित अनेक आधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
एसएमएस हॉस्पिटल, वडोदरा के डायरेक्टर डॉ. मृदंग भावसार ने बताया कि अस्पताल में कार्डियक सर्जरी, कैथलैब, ट्रॉमा, आईसीयू, डायलिसिस, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, कैंसर उपचार, स्पाइन सर्जरी, इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट सहित अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
उन्होंने घुटना प्रत्यारोपण एवं हार्ट ऑपरेशन, ओपीडी, ऑपरेशन, चिकित्सक शुल्क, दवाइयों एवं अन्य चिकित्सा सेवाओं पर पत्रकार जगत के लिए 30 प्रतिशत तक सामान्य शुल्क पर विशेष छूट की घोषणा की। साथ ही अस्पताल में बिटिया के जन्म पर कोई शुल्क नहीं लेने की भी घोषणा की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन और प्रदेश अध्यक्ष राकेश साहू ने दोनों अस्पतालों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों के स्वास्थ्य की सुरक्षा एआईजे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह पहल पत्रकार कल्याण की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
आयोजन की सफलता में जिला अध्यक्ष वासुदेव वाणी के नेतृत्व में तरुण जैन, फरीद शेख, मनीष जैन,, सहित समस्त एआईजे कार्यकर्ताओं का उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्री अनीस शेख ने किया। अंत में प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश साहू ने सभी अतिथियों, पत्रकारों, सहयोगियों एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के उपरांत आलीराजपुर जिला इकाई के अध्यक्ष श्री वासुदेव वाणी, आशीष वाणी की टीम द्वारा सभी पत्रकारों एवं अतिथियों के लिए विशेष सहभोज का आयोजन किया गया। सभी प्रतिभागियों को विशिष्ट गोल्ड मेडल, सम्मान-पत्र, स्मृति-शील्ड एवं आकर्षक पुष्पमालाओं से सम्मानित किया गया।
रिपोर्टर : विजय जैन
No Previous Comments found.