सड़क पर एक माह से जलभराव, आक्रोशित ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर उठाए सवाल

अयोध्या : अयोध्या जनपद के मिल्कीपुर विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत अमावा सूफी रामनगर (बूथ संख्या 139/140) में पिछले एक महीने से सड़क पर भयंकर जलभराव की समस्या बनी हुई है। गड्ढे जानलेवा रूप ले चुके हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। जलभराव के कारण दर्जनों स्थानीय निवासियों और स्कूल जाने वाले कई छात्र-छात्राओं के चोटिल होने की खबर है।

गौरतलब है कि यह वही ग्राम पंचायत है, जिसने विगत चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में रिकॉर्ड 86 प्रतिशत मतदान किया था। जनप्रतिनिधियों पर उठे सवाल: ब्लॉक प्रमुख, विधायक, जिला पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान—सभी सत्ताधारी दल (भाजपा) से होने के बावजूद सड़क की दुर्दशा पर अब तक किसी का ध्यान न जाने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। इसी मुख्य मार्ग से होकर रोजाना हजारों छात्र-छात्राएं स्कूल जाते हैं, जिन्हें हर दिन हादसे का डर सताता रहता है। जलभराव की गंभीर स्थिति के बावजूद स्थानीय प्रशासन ने अब तक राहत का कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। विधायक चंद्र भानु पासवान ने कहा"समस्या मेरे संज्ञान में है। वर्तमान में विधानसभा का सदन चल रहा है। लखनऊ से वापस लौटते ही मैं स्वयं मौके का निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत और आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त कराऊंगा।"
प्रमुख प्रतिनिधि (अमानीगंज) पवन सिंह ने कहा  सड़क का मौका मुआयना किया जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी व मरम्मत की व्यवस्था कराई जाएगी।" इस संबंध में जब लोक निर्माण विभाग के जेई (J.E.) प्रशांत मणि तिवारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका फोन बंद आता रहा। अब देखना यह होगा कि आक्रोशित ग्रामीणों और चोटिल हो रहे बच्चों को राहत दिलाने के लिए जनप्रतिनिधि और संबंधित विभाग कितनी जल्दी धरातल पर कार्रवाई करते हैं।

रिपोर्टर : सुनील 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.