बीमारी प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर स्वास्थ्य स्क्रीनिंग एवं फॉलो-अप जारी
बालाघाट - बिरसा विकासखंड के बीमारी प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों एवं आमजन के स्वास्थ्य की सतत निगरानी के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा घर-घर सर्वे, स्वास्थ्य स्क्रीनिंग एवं फॉलो-अप का कार्य लगातार किया जा रहा है। विभागीय टीमों द्वारा प्रभावित गांवों में पहुंचकर उपचार के बाद घर लौटे बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
महिला एवं बाल विकास परियोजना बैहर के परियोजना अधिकारी रामनाथ धुर्वे, पर्यवेक्षक सोमवती मानकर एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सविता ने ग्राम पंचायत बिठली के जानिया टोला, ग्राम पंचायत हर्रा नाला के नया टोला तथा ग्राम पंचायत नव्ही के तबलू टोला में भ्रमण कर अस्पताल से उपचार के बाद घर लौटे बच्चों का फॉलो-अप किया। इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ उनके परिजनों से भी चर्चा की गई।
इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास परियोजना बिरसा की परियोजना अधिकारी शिप्रा सिंह द्वारा ग्राम मुरकुटा में रेफर किए गए बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जा रही है। विभागीय अमला घर-घर सर्वे एवं स्वास्थ्य स्क्रीनिंग के माध्यम से बीमार बच्चों तथा अन्य व्यक्तियों की पहचान कर रहा है। आवश्यकता पाए जाने पर उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल रेफर कराया जा रहा है।
पौष्टिक भोजन भी पहुंचाया जा रहा
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाने के लिए घर-घर पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि प्रभावित क्षेत्रों में कोई भी बच्चा स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी देखभाल से वंचित न रहे। घर-घर निगरानी, नियमित फॉलो-अप, स्वास्थ्य स्क्रीनिंग एवं पौष्टिक आहार की उपलब्धता के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्टर - विशाल महानंद
No Previous Comments found.