प्रशासन द्वारा सुकड़ीगुहान के ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु की गई समुचित व्यवस्था ग्रामीणों को मिल रहा है समुचित मात्रा में शुद्ध पेयजल एवं निस्तारी हेतु पर्याप्त पानी

बालोद :  विकासखण्ड डौंडी के ग्राम पंचायत सिंघोला के अंतर्गत आने वाले आश्रित ग्राम सुकड़ीगुहान में ग्रामीणों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन और पंचायत द्वारा लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। लगभग 70 परिवारों की 250 की आबादी वाले इस क्षेत्र में पीने के पानी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जनपद पंचायत डौण्डी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया की ग्रामीणों को पानी के लिए किसी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए गांव में एक अत्याधुनिक सोलर पैनल आधारित पेयजल प्रणाली संचालित की जा रही है। इसके साथ ही एक बड़ी सिन्टेक्स टंकी और एक आईआरपी भी क्रियाशील है। पंचायत द्वारा क्षेत्र में अतिरिक्त व्यवस्था के तौर पर दो अन्य बोरवेल में मोटर पंप स्थापित किए गए हैं, जिससे सुचारू रूप से पानी की आपूर्ति हो रही है. अधिकारियों और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में गांव में पेयजल के पर्याप्त स्रोत पाए गए है। उन्होंने बताया कि पेयजल स्रोतों के बेहतर प्रबंधन के लिए प्रशासन अब नलों में नई टोंटियाँ (टैप) लगाने की तैयारी कर रहा है,जिससे  पानी की हर बूंद का सही उपयोग हो सके और बर्बादी को रोका जा सके। इसके साथ ही, ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरतों और निस्तारी कार्यों के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा एक नए स्टॉपडैम का निर्माण कराया जा रहा है। जिसका कार्य वर्तमान में तेजी से प्रगति पर है। क्षेत्र के विकास और पानी की उपलब्धता की निगरानी के लिए स्थानीय सरपंच श्रीमती कौशिल्या बाई ठाकुर ग्रामीणों के साथ सतत संपर्क में हैं। पंचायत स्तर पर भविष्य की किसी भी विशेष या आकस्मिक जरूरत से निपटने के लिए एक पानी का टैंकर भी सिंघोला मुख्यालय में आरक्षित रखा गया है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सुकड़ीगुहान भेजा जा सकता है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के आपसी समन्वय से गांव में बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत किया जा रहा है।
 
रिपोर्टर : रमेश 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.