उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

बालोद - छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन,लोक निर्माण तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री माननीय श्री अरुण साव से आज भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर,रायपुर में आयोजित "कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद" कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन एवं उपाध्यक्ष श्री विजय सोनकर ने सौजन्य भेंट कर शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर पंचायत गुण्डरदेही के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों के निर्माण हेतु लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये का मांग पत्र माननीय मंत्री जी को सौंपा गया।

मांग पत्र पर गंभीरता से विचार करते हुए माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने संबंधित लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को आवश्यक एस्टीमेट तैयार कर शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क निर्माण कार्यों को जल्द स्वीकृति मिल सके। इसके साथ ही नगर पंचायत गुण्डरदेही के 15वें वित्त आयोग की टाइड एवं अनटाइड मद के अंतर्गत लंबित विकास कार्यों एवं रुकी हुई राशि के संबंध में भी अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन ने विस्तृत जानकारी देते हुए शीघ्र स्वीकृति एवं राशि जारी करने का आग्रह किया। माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने इस विषय को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों का एस्टीमेट तत्काल तैयार कर प्रस्तुत करने तथा लंबित राशि शीघ्र जारी करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर पंचायत गुण्डरदेही के विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी तथा आवश्यक स्वीकृतियां प्राथमिकता के आधार पर प्रदान की जाएंगी।

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि प्रदेश सरकार नगरों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और गुण्डरदेही में सड़क,नाली एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सभी विकास कार्य शीघ्र धरातल पर दिखाई देंगे।

रिपोर्टर - रमेश कुमार चेलक

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.