जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई एवं अपराधों की रोकथाम को दी जाएगी सर्वोच्च प्राथमिकता।

बालोद : पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित मीटिंग हॉल में आज पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) द्वारा जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक एवं प्रेस वार्ता आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक महोदय ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनसे परिचय प्राप्त किया तथा पुलिस एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शी संवाद एवं जनहित से जुड़े विषयों पर निरंतर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि पुलिस एवं मीडिया लोकतंत्र के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। दोनों के बीच बेहतर समन्वय एवं सकारात्मक संवाद से आमजन तक सही, तथ्यपरक एवं समयबद्ध जानकारी पहुंचती है, जिससे समाज में विश्वास एवं पारदर्शिता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि बालोद पुलिस प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ नियमित संवाद बनाए रखते हुए जनहित, कानून-व्यवस्था, साइबर सुरक्षा, यातायात, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा पुलिस की सकारात्मक गतिविधियों की जानकारी समय पर साझा करेगी।

उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पुलिस निष्पक्ष, संवेदनशील एवं जवाबदेह कार्यशैली के साथ कार्य करते हुए आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत करेगी।

पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि जिले में अवैध नशे एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जाएगा। नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों, साइबर अपराधों, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने अपराधों की रोकथाम एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए इंटेलिजेंस तंत्र को मजबूत एवं सक्रिय करने पर बल दिया। सूचना संकलन, तकनीकी विश्लेषण एवं प्रभावी निगरानी के माध्यम से अपराधों की रोकथाम तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रत्येक पुलिस कार्रवाई एवं विवेचना नवीन कानूनों के अनुरूप, वैज्ञानिक, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल तकनीक एवं आधुनिक पुलिसिंग की भूमिका लगातार बढ़ रही है। इसके दृष्टिगत जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एआई आधारित तकनीकों, साइबर अपराध अनुसंधान, डिजिटल साक्ष्य संकलन एवं आधुनिक तकनीकी संसाधनों का प्रशिक्षण देकर तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जाएगा, जिससे पुलिसिंग और अधिक स्मार्ट, प्रभावी एवं पारदर्शी बन सके।

पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक थाना एवं चौकी स्तर पर आम नागरिकों से नियमित संवाद स्थापित किया जाएगा तथा उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। बीट प्रणाली एवं सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाते हुए प्रत्येक शिकायत पर त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने जिले में सुदृढ़ एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था विकसित करने पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक उपाय तथा जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक महोदय ने मीडिया प्रतिनिधियों से जनहित के विषयों पर सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस, मीडिया एवं आमजन के सामूहिक प्रयासों से बालोद जिले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण, नशामुक्त एवं अपराधमुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जाएंगे।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, एसडीओपी बालोद श्री बोनीफास एक्का, एसडीओपी गुरुर श्रीमती माया शर्मा, मुख्यालय डीएसपी श्रीमती श्रुति सिंह, एवं जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पत्रकारगण उपस्थित थे।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.