सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विकासखंड गुरुर के ग्राम धनेली में नुक्कड़ नाटक का भव्य आयोजन

बालोद :  विकासखंड गुरुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत जन-जागरूकता को लेकर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत धनेली के कलामंच साहू सदन में दिनांक 13.10.2026 को दोपहर 02:00 बजे से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।

आयोजित नुक्कड़ नाटक का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वच्छता, नशामुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जल संरक्षण एवं सेवा भावना को ग्रामीणों तक रोचक तरीके से पहुंचाना रहा। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सामाजिक कुरीतियों को त्याग कर विकास में भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। उपस्थित स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी नाटक को बड़े ध्यान से देखा और उससे प्रेरणा ली।

कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में जनपद पंचायत गुरुर की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संजय साहू, जिला पंचायत के सभापति श्री तेजराम साहू, श्रीमती लक्ष्मी अशोक साहू, श्रीमती चंद्रिका गजीर, भाजपा मंडल गुरुर के अध्यक्ष श्री आनंद शर्मा, जनपद पंचायत गुरुर की सदस्य श्रीमती लता लक्ष्मी चंद साहू, ग्राम पंचायत धनेली के सरपंच, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गुरुर सहित बड़ी संख्या में सम्माननीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं ग्रामवासी गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सेवा की भावना को मजबूत करने का अभियान है। जब तक गांव का हर व्यक्ति जागरूक नहीं होगा, तब तक शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंच सकता। नुक्कड़ नाटक जैसे माध्यम से ग्रामीणों में आसानी से जागरूकता लाई जा सकती है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने एवं गांव के विकास में सहयोग करने का संकल्प लिया। ग्राम पंचायत धनेली के ग्रामीणों ने आयोजन की सराहना की।

रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.