नगर पंचायत गुण्डरदेही में विद्युत उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन
बालोद : नगर पंचायत गुण्डरदेही के सामुदायिक भवन में आज विद्युत उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को विद्युत संबंधी अधिकारों, विभागीय सुविधाओं, शिकायतों के निराकरण तथा बिजली बिल भुगतान से जुड़े नियमों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में जिला उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, दुर्ग (कार्यक्षेत्र जिला दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा) के अध्यक्ष श्री पी.सी. संजीव कीर्ति, जिला उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, बीएसपी भिलाई के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार चौहान, एई माहेश्वरी एवं जेई लालिमा साहू उपस्थित रहीं। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन एवं उपाध्यक्ष श्री विजय सोनकर भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
शिविर में विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली बिल, नए विद्युत कनेक्शन, मीटर रीडिंग, वोल्टेज की समस्या, विद्युत आपूर्ति में बाधा तथा बिल में त्रुटि जैसी समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम में शिकायत दर्ज कराने, शिकायतों के निराकरण की समय-सीमा और विद्युत उपभोक्ताओं को मिलने वाले अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया गया।
बिजली बिल समय पर जमा करें, कनेक्शन कटने से बचें
शिविर में बिजली बिल भुगतान से संबंधित महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि उपभोक्ताओं को बिजली बिल की देय तिथि से कम से कम 10 दिन पूर्व बिल उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि वे निर्धारित समय पर भुगतान कर सकें। यदि उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान नहीं करता है, तो विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लिखित सूचना देकर कम से कम 15 दिन का अवसर प्रदान करने के बाद नियमानुसार बिजली कनेक्शन विच्छेदित किया जा सकता है। इसलिए सभी उपभोक्ताओं को सलाह दी गई कि वे अपने बिजली बिल की देय तिथि का ध्यान रखें और समय पर भुगतान करें, ताकि बिजली कटने जैसी परेशानी से बचा जा सके।
इसके अलावा बताया गया कि बिजली बिल प्राप्त नहीं होने पर उपभोक्ता बिल की अनुलिपि प्राप्त करने का अधिकार रखते हैं। बिजली बिल का भुगतान ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकता है। उपभोक्ता अपने बिल में दर्ज मीटर रीडिंग, बिजली की दर, विभिन्न शुल्क एवं अन्य विवरणों की भी जांच करें। बिल में किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर संबंधित विद्युत कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं।
शिकायतों के निराकरण एवं विद्युत सुरक्षा पर जोर
शिविर में बताया गया कि विद्युत आपूर्ति में व्यवधान, वोल्टेज संबंधी समस्या, मीटर खराब होने, गलत बिलिंग तथा नए कनेक्शन से जुड़ी शिकायतों के लिए उपभोक्ता संबंधित विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय एवं उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम से संपर्क कर सकते हैं। शिकायत का समाधान निर्धारित समय-सीमा में नहीं होने अथवा प्राप्त निर्णय से असंतुष्ट होने पर नियमानुसार आगे अपील करने की व्यवस्था भी है।
इसके साथ ही नागरिकों को विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए खुले तारों, गीले हाथों से बिजली के उपकरणों को छूने तथा असुरक्षित विद्युत कनेक्शन से बचने की सलाह दी गई। बिजली की बचत के लिए एलईडी बल्ब एवं ऊर्जा दक्ष उपकरणों के उपयोग पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों को विद्युत संबंधी नियमों, शिकायत निवारण की प्रक्रिया एवं उपभोक्ता अधिकारों की महत्वपूर्ण जानकारी मिली। शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं को जागरूक बनाना तथा विद्युत सेवाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना रहा।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.