डिप्टी कलेक्टर श्री रामकुमार सोनकर ने नशा मुक्त भारत बनाने की दिलाई शपथ

बालोद - फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के 100वें संस्करण के अवसर पर आज 29 नवंबर को जिला मुख्यालय बालोद में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। सुबह 6.30 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान से प्रारंभ हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिकों, बालक-बालिका प्रतिभागियों एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और साइकिलिंग के माध्यम से स्वस्थ एवं फिट रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में डिप्टी कलेक्टर श्री रामकुमार सोनकर ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत बनाने तथा नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। इसके पश्चात उन्होंने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली बुनियादी स्कूल परिसर से निकलकर घड़ी चौक, जयस्तंभ चौक, मधु चौक, सदर मार्केट एवं पुराना बस स्टैंड होते हुए पुनः घड़ी चौक मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने साइकिलिंग के माध्यम से नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली एवं शारीरिक फिटनेस को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में नशा मुक्त भारत अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने हस्ताक्षर कर नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर डिप्टी कलेक्टर श्री रामकुमार सोनकर ने आयोजन में शामिल सभी प्रतिभागियों, खिलाड़ियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस आयोजन के माध्यम से फिटनेस के साथ-साथ नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

रिपोर्टर - रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.