डौंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और पोषण सुधार पर दिया जोर
बालोद : कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज विकासखंड मुख्यालय डौंडी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। उन्होंने आमजन को सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा जिले में पोषण स्तर में प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कुपोषण की रोकथाम, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण संबंधी योजनाओं के बेहतर संचालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए पोषण स्तर में गुणवत्तापूर्ण सुधार लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे. एल. उइके, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक
No Previous Comments found.