बलौदाबाजार जांजगीर में दम दिखाएगे बलौदाबाजार के मल्लखंभ खिलाडी : 11 होनहार खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए रवाना
बलौदाबाजार : खेल प्रतिभाओं से समृद्ध बलौदाबाजार जिले के मल्लखंभ खिलाड़ियों ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। जांजगीर जिले में 22 से 25 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बलौदाबाजार की मल्लखंभ टीम शुक्रवार 21 अगस्त को शाम 4 बजे जांजगीर के लिए रवाना हुई।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिले से चयनित 11 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में दुष्यंत घृत लहरे, अभिषेक कोशरिया, अभिजीत कुर्रे, भीष्म रात्रे, शिवम चेलक, नरेश गेंदरे, बलराम भारद्वाज, अनाया ठाकुर, अंजली यादव, नूतन बंजारे एवं गरिमा ध्रुव शामिल हैं। खिलाड़ियों के रवाना होने से पहले खेल प्रेमियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन और पदक जीतकर लौटने की कामना की।
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, 11 खिलाड़ियों ने बनाई राज्य स्तर पर जगह
बलौदाबाजार की इस टीम का चयन उनकी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। 20 मार्च 2026 को पंचशील नगर स्थित मल्लखंभ अखाड़ा, बलौदाबाजार में आयोजित एक दिवसीय संभाग स्तरीय मल्लखंभ प्रतियोगिता में रायपुर संभाग के बलौदाबाजार, रायपुर और गरियाबंद जिले की टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में बलौदाबाजार के 24 खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया और जिले की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर 11 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।
सुबह-शाम कठिन प्रशिक्षण, अब राज्य स्तर पर पदक की उम्मीद
खिलाड़ियों को प्रतिदिन सुबह और शाम मल्लखंभ का प्रशिक्षण मुख्य कोच श्री अकलेश नारंग एवं सहायक कोच श्री रविंद्र गढ़ेवाल द्वारा दिया जा रहा है। खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास ने उनकी तैयारी को मजबूत बनाया है। वहीं मुख्य कोच श्री अकलेश नारंग को जांजगीर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाने का अवसर भी मिला है।
चक्रपाणि स्कूल के 10 खिलाड़ी, विद्यालय के लिए गौरव का अवसर
बलौदाबाजार की टीम की खास उपलब्धि यह है कि चयनित 11 खिलाड़ियों में से 10 खिलाड़ी पंडित चक्रपाणि हायर सेकेंडरी स्कूल, बलौदाबाजार के हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती वंदनी श्रीवास्तव ने बधाई देते हुए उन्हें अनुशासन के साथ उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
वहीं विद्यालय के व्यायाम शिक्षक श्री शिव कुमार बांधे की अगुवाई में खिलाड़ियों को जांजगीर ले जाया जा रहा है। छात्रावास अधीक्षक श्री गुहतराम महेश्वरी एवं मेस प्रभारी श्री सुंदरलाल सोनकर ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।
खेल विभाग ने बढ़ाया हौसला
जिले की वरिष्ठ खेल अधिकारी श्रीमती प्रीति बंछोर बिजौरा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग बलौदाबाजार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें और बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने खिलाड़ियों के पदक जीतकर लौटने की शुभकामनाएं दीं।
अभिभावकों और साथी खिलाड़ियों ने दी शुभकामनाएं
खिलाड़ियों के अभिभावक श्री बलदाऊ सिंह ठाकुर, विनीत गुप्ता, गोविंद रात्रे, शांति ध्रुव, शिव कुमार यादव, संतोषी ठाकुर सहित अन्य पालकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं शिवकुमारी, आराध्या, यामिनी, दात्री, गुंजन, ममता, पृथ्वी, भुनेश्वर, चंद्र प्रकाश, योगेश, खिलेश, सुभाष, आदित्य, भूपेंद्र, मीनेश, नोवेल, पालक, टिकेंद्र, आयुष, कुणाल एवं ओम सहित साथी मल्लखंभ खिलाड़ियों ने भी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
बलौदाबाजार के इन 11 खिलाड़ियों से अब पूरे जिले को उम्मीद है कि जांजगीर की धरती पर उनका दमदार प्रदर्शन मल्लखंभ में जिले की खेल प्रतिभा का परचम लहराएगा और टीम पदकों के साथ गौरवपूर्ण वापसी करेगी।
रिपोर्टर : बलदाऊ सिंह ठाकुर
No Previous Comments found.