पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के निर्देशन में स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंट तामील करने हेतु चलाया गया विशेष अभियान
बलौदाबाजार : पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के कुशल निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ हेतु 17 अगस्त 2026 से 24 अगस्त 2026 तक 07 दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जांजगीर, बिलासपुर, रायपुर, मंदिर हसौद, महासमुंद एवं कोरबा सहित विभिन्न जिलों में वारंटियों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस को अभूतपूर्व सफलता मिली, जिसमें वर्षों से फरार 50 स्थाई वारंटी एवं 17 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 67 वारंट तामील किए गए। पकड़े गए स्थाई वारंटियों के विरुद्ध चेक बाउंस, आबकारी, नारकोटिक्स, चोरी, मारपीट जैसे विभिन्न गंभीर अपराध दर्ज हैं।
14 साल पुराना फरार आरोपी भी हत्थे चढ़ा- अभियान की सबसे बड़ी सफलता वर्ष 2012 (लगभग 14 साल) से फरार एक मामले के एक स्थाई वारंटी की गिरफ्तारी रही। आरोपी पिछले 14 वर्षों से पुलिस को चकमा देकर छिपकर रह रहा था, जिसे पुलिस टीम ने सरगर्मी से पता-तलाश कर धर दबोचा।
भाटापारा शहर थाना रहा अव्वल- इस पूरे अभियान के दौरान थाना भाटापारा शहर पुलिस द्वारा अत्यंत उत्कृष्ट एवं प्रशंसनीय प्रदर्शन किया गया। भाटापारा शहर पुलिस की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अकेले ही 18 स्थाई वारंट तामील कराए, जो इस अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय ने अभियान में शामिल सभी थाना/चौकी प्रभारियों एवं पुलिस टीमों के सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है और स्पष्ट किया है कि, असामाजिक तत्वों एवं कानून से भाग रहे अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्टर : बलदाऊ सिंह ठाकुर
No Previous Comments found.