अधूरी सड़क निर्माण पर सांसद सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार
बलरामपुर : शंकरगढ़ जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खैराडीह से धशनी कोरवापारा तक प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनने वाली सड़क पिछले दो वर्षों से अधूरी पड़ी हुई थी। सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बरसात के दिनों में आवागमन काफी कठिन हो जाता था, जिससे मरीजों, स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
इस गंभीर समस्या को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित होने के बाद प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकर्षित हुआ। मामले को संज्ञान में लेते हुए सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज स्वयं खैराडीह से धशनी कोरवापारा तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने लंबे समय से कार्य लंबित रहने पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जनता को समय पर सुविधाएं मिलना जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर लगाए गए सूचना बोर्ड में भी कई अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह


No Previous Comments found.