तुलसीपुर की दो बड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने उठाईं, दिलीप कुमार गुप्ता ने सौंपा पत्र
तुलसीपुर, बलरामपुर : तुलसीपुर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की वर्षों से चली आ रही प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर जिला उद्योग व्यापार मंडल, बलरामपुर ने बड़ी पहल की है। देवीपाटन आगमन पर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी से मुलाकात कर जिला महामंत्री दिलीप कुमार गुप्ता ने जनहित से जुड़ी दो महत्वपूर्ण मांगों के संबंध में मांग पत्र सौंपे। इनमें तुलसीपुर में आधुनिक महिला चिकित्सालय की स्थापना और नई बाजार स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र को तुलसीपुर के 132 केवी विद्युत केंद्र से जोड़ने की मांग शामिल है। दिलीप कुमार गुप्ता के अनुसार, मुख्यमंत्री जी ने दोनों मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया।
तुलसीपुर में बने आधुनिक महिला चिकित्सालय, महिलाओं को मिले बेहतर इलाज
महिला स्वास्थ्य सेवाओं की कमी का मुद्दा उठाते हुए दिलीप कुमार गुप्ता ने कहा कि तुलसीपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जनपद मुख्यालय के अतिरिक्त क्षेत्र में आधुनिक महिला चिकित्सालय की सुविधा उपलब्ध न होना गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने हनुमानगढ़ी तिराहे के निकट पुराने अस्पताल परिसर की लगभग 25 बीघा खाली भूमि पर आधुनिक महिला चिकित्सालय स्थापित करने की मांग की। प्रस्तावित चिकित्सालय में स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, प्रसूति विभाग और 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि महिला चिकित्सालय की स्थापना होने से क्षेत्र की हजारों महिलाओं और बच्चों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिल सकेगा। गर्भवती महिलाओं को समय पर चिकित्सा सुविधा मिलेगी और गंभीर परिस्थितियों में दूसरे शहरों की ओर भागने की मजबूरी भी कम होगी।
दूसरी प्रमुख मांग बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर उठाई गई। नई बाजार स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र को तुलसीपुर के 132 केवी विद्युत केंद्र से जोड़ने की मांग करते हुए दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि मौजूदा व्यवस्था के कारण खराब मौसम या बाहरी विद्युत लाइनों में खराबी आने पर बिजली आपूर्ति बहाल होने में कई घंटे लग जाते हैं।
इसका खामियाजा तुलसीपुर नगर के बड़े हिस्से और लगभग 450 गांवों के उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है। बिजली संकट से आम नागरिकों ग्रामीणों के साथ व्यापारियों, दुकानदारों और स्थानीय कारोबारियों को भी आर्थिक एवं व्यावसायिक परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।
उन्होंने मांग की कि नई बाजार विद्युत उपकेंद्र को 33 केवी लाइनों के माध्यम से तुलसीपुर के 132 केवी विद्युत केंद्र से जोड़ा जाए, जिससे वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्था मजबूत हो और बिजली बाधित होने की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
दिलीप कुमार गुप्ता ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुचारु बिजली आपूर्ति जनता की बुनियादी जरूरतें हैं। इन समस्याओं का समाधान होने से तुलसीपुर नगर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि दोनों प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्टर : अनुराग श्रीवास्तव

No Previous Comments found.