फतेहपुर में कला प्रतिभाओं को मिला नया मंच, ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला का हुआ भव्य समापन
बाराबंकी - फतेहपुर स्थित लेफ्टिनेंट अनिरुद्ध शुक्ल महाविद्यालय में आयोजित ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की बनाई गई उत्कृष्ट कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिसका उद्घाटन उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने किया। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए डॉ. विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि कला केवल चित्र बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की संस्कृति, संवेदनाओं और मानवीय मूल्यों को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करने का माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर अभ्यास और नवीन सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद डॉ. शाकुंतला मिश्र राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ की ललित कला संकाय की प्रोफेसर डॉ. सुनीता शर्मा ने कहा कि चित्रकला विद्यार्थियों में कल्पनाशीलता,आत्मविश्वास और रचनात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। वरिष्ठ कलाकार डॉ.ओमेंद्र प्रताप सिंह एवं डॉ.सुनील कुमार कुशवाहा ने भी विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कला के क्षेत्र में अनुशासन और सतत अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे शैक्षिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का नियमित संचालन करेगा।महाविद्यालय के अध्यक्ष उदय शुक्ल एवं प्रबंधक तरुण शुक्ल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कला और सृजनात्मक गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का संयोजन विनोद सिंह ने किया। जबकि संचालन कलाकार एवं प्रवक्ता सुनाक्षी यादव के निर्देशन में संपन्न हुआ।प्रदर्शनी के सफल आयोजन में आराधना वर्मा,अंजलि वर्मा और अन्नपूर्णा वर्मा का उल्लेखनीय सहयोग रहा।समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों और कला प्रेमियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर युवा कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.