मां से मिलने जा रहे बैनामा लेखक की कार में लगी आग जिंदा जलकर मौत

बाराबंकी - मसौली मां से मिलने के लिए निकले 50 वर्षीय बैनामा लेखक की चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और उसमें फंसकर बैनामा लेखक की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसा गांव और उनकी वृद्ध मां के घर से कुछ ही दूरी पर हुआ। बेटे के इंतजार में बैठी मां को जब मौत की खबर मिली तो वह बेसुध हो गईं। सूचना पर पहुंची सफदरगंज पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बरियारपुर निवासी 50 वर्षीय राजनारायण वर्मा पुत्र मेवालाल बाराबंकी रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामा लेखक का कार्य करते थे। वह शहर के विजय नगर मोहल्ले में पत्नी के साथ रहते थे। रविवार को वह अपनी वृद्ध मां से मिलने के लिए वैगनआर कार संख्या यूपी 41 आर 8292 से बरियारपुर के लिए निकले थे। रास्ते में बघौरा चौराहे पर स्थित अपने छोटे भाई रिंकू वर्मा की हार्डवेयर की दुकान पर रुके और भाई से मुलाकात के बाद कार से गांव की ओर रवाना हुए। राज नारायण वर्मा गांव और अपनी मां के घर से चंद दूरी पर ही पहुंचे थे कि अचानक उनकी कार में आग लग गई। कुछ ही देर में कार आग का गोला बन गई। चारों तरफ से आग से घिरी कार से राज नारायण बाहर नहीं निकल सके और कार के अंदर ही जलकर उनकी मौत हो गई।सूचना मिलते ही सफदरगंज थानाध्यक्ष अमर चौरसिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया लेकिन तब तक राजनारायण वर्मा की मौत हो चुकी थी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस कार में आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।बेटे के आने का इंतजार कर रही वृद्ध मां को जब राज नारायण की मौत की खबर मिली तो वह बेसुध हो गईं। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री है। पुत्री की शादी हो चुकी है जबकि पुत्र चेन्नई में पढ़ाई कर रहा है।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.