गुम हुए 18 लाख रुपये के 88 मोबाइल बरामद, बाराबंकी पुलिस ने स्वामियों को लौटाए

बाराबंकी : पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है।पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर सर्विलांस सेल एवं थाना स्तर की संयुक्त टीमों ने तकनीकी विश्लेषण और CEIR पोर्टल की मदद से करीब 18 लाख रुपये कीमत के 88 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए मोबाइल फोन को पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक श्री मोहम्मद आफताब आलम एवं क्षेत्राधिकारी सदर श्री आलोक कुमार पाठक द्वारा उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया गया। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल फोन और उसमें मौजूद महत्वपूर्ण डाटा वापस पाकर मोबाइल स्वामियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने बाराबंकी पुलिस का आभार व्यक्त किया। मोबाइल फोन की बरामदगी में CEIR यानी सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीमों ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर तकनीकी जानकारी का विश्लेषण करते हुए मोबाइल फोन को ट्रैक किया और उन्हें बरामद करने में सफलता हासिल की। बाराबंकी पुलिस की मोबाइल रिकवरी टीम ने पिछले 9 माह में 956 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 91 लाख रुपये है। बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए जा चुके हैं। पुलिस की नागरिकों से अपील बाराबंकी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं अथवा CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज करें।CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक करने में मदद मिलती है, जिससे उसकी बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है। कार्यक्रम के दौरान मोबाइल स्वामियों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त नागरिकों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। बाराबंकी पुलिस की यह पहल न केवल तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल का उदाहरण है, बल्कि आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और उनकी संपत्ति वापस दिलाने के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

रिपोर्टर :  नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.