14 साल बाद उसी मार्ग से निकली सुरजनपुर की दुर्गा प्रतिमा

फतेहपुर/बाराबंकी : सुरजनपुर गांव की दुर्गा प्रतिमा का मंगलवार को 14 वर्ष बाद भटुवामऊ और बेलहरा होते हुए गंगापुर घाट पर विसर्जन किया गया। इसे लेकर विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा ने खुशी जताते हुए इसे कुर्सी विधानसभा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताया।

अपने जनसहयोग कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि वर्ष 2012 से प्रतिमा विसर्जन के मार्ग को लेकर समस्या चली आ रही थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इस संबंध में आग्रह किया गया था। विधायक के अनुसार, मुख्यमंत्री के सहयोग और उच्च न्यायालय के फैसले के बाद यात्रा का रास्ता साफ हुआ।

उन्होंने बताया कि इस बार प्रतिमा को ढोल-नगाड़ों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी में उसी मार्ग से निकाला गया। विधायक ने मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, एमएलसी अंगद सिंह, विधायक दिनेश रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत और भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा भुल्लन सहित प्रशासन व पुलिस का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में समाज के सभी वर्गों का सहयोग रहा। साथ ही भविष्य में माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.