बारामती में अतिक्रमण कार्रवाई को लेकर सवाल; निष्पक्ष सर्वेक्षण की मांग, शांतिपूर्ण उपोषण की चेतावनी
बारामती : बारामती नगर परिषद की ओर से पोस्ट ऑफिस से मार्केट यार्ड तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण पर कार्रवाई किए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस कार्रवाई को लेकर सुहासनगर, बारामती निवासी बबन साहेबराव लोंढे ने बारामती नगर परिषद के मुख्याधिकारी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई से पहले संबंधित सड़क का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष सर्वेक्षण, मापणी तथा हद निर्धारण करने की मांग की है।
लोंढे द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, नगर परिषद की ओर से अतिक्रमण हटाने के संबंध में उन्हें नोटिस दिया गया है। उनका आरोप है कि कार्रवाई के दौरान संबंधित प्राधिकरण द्वारा सड़क की वास्तविक जगह का अधिकृत सर्वेक्षण और मापणी नहीं की गई है। साथ ही निर्माण की स्थिति, सीमा, क्षेत्रफल, मालिकी, कब्जे तथा संबंधित दस्तावेजों की उचित जांच किए बिना यह तय करना संभव नहीं है कि कौन-सा निर्माण वैध है और कौन-सा कथित रूप से अवैध।
आवेदन में कहा गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले संबंधित स्थान का अधिकृत सर्वेक्षण एवं मापणी की जाए। सर्वेक्षण के दौरान आवेदक, संबंधित मालिक तथा भूमि धारकों की उपस्थिति में पंचनामा और मापणी रिपोर्ट तैयार की जाए। नगर परिषद के पास उपलब्ध नक्शे, मंजूरी, आदेश, मापणी रिपोर्ट एवं अन्य संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां भी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
लोंढे ने यह भी सवाल उठाया है कि यदि समान स्वरूप के अतिक्रमण मौजूद हैं तो केवल चुनिंदा लोगों के खिलाफ ही कार्रवाई क्यों की जा रही है। उन्होंने मांग की है कि सभी अतिक्रमणों पर नियमों के अनुसार समान कार्रवाई की जाए और किसी की शिकायत अथवा मौखिक जानकारी के आधार पर एकतरफा कार्रवाई न की जाए।
आवेदन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि संबंधित मापणी, सर्वेक्षण और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ अथवा जबरदस्ती की कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। संबंधित अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की लिखित नोंद रखते हुए जिम्मेदारी भी निश्चित करने की मांग की गई है।
इस मामले को लेकर 25 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे बारामती नगर परिषद के गेट के पास फुटपाथ पर लगभग 100 से 150 लोगों की उपस्थिति में शांतिपूर्ण उपोषण एवं निषेध आंदोलन किए जाने की जानकारी आवेदन में दी गई है। आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था की समस्या, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान अथवा यातायात में बाधा उत्पन्न न होने देने की बात भी आवेदन में कही गई है। साथ ही शांतिपूर्ण आंदोलन के लिए आवश्यक पुलिस अनुमति एवं पुलिस बंदोबस्त उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
आवेदक ने बारामती नगर परिषद के मुख्याधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नियमों के अनुसार कार्रवाई करने तथा अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित सड़क का अधिकृत सर्वेक्षण और मापणी कराने की मांग की है।
रिपोर्टर : गौरव गुंदेचा
No Previous Comments found.