डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की समीक्षा बैठक जारी, 37 योजनाओं पर अधिकारियों से जवाब-तलब
बरेली - उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक जारी है। बैठक में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों, राजस्व मामलों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की जा रही है। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और सभी संबंधित विभागों के प्रमुख बैठक में मौजूद हैं। समीक्षा बैठक में सरकार की 37 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का आकलन किया जा रहा है। विभागों से योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति, बजट खर्च, लक्ष्य और लाभार्थियों से जुड़े अद्यतन आंकड़े प्रस्तुत करने को कहा गया है। बैठक के दौरान निर्धारित समय सीमा के बावजूद अधूरी पड़ी विकास परियोजनाओं पर भी जवाब-तलब हो रहा है। लक्ष्य से पीछे चल रहे विभागों से देरी के कारण पूछे जा रहे हैं और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। समीक्षा में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना समेत 37 योजनाओं की प्रगति पर विशेष फोकस है।
इसके अलावा जनवरी 2026 से अब तक डिप्टी सीएम कार्यालय में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की जा रही है। विभागवार लंबित मामलों और उनके समाधान की स्थिति पर अधिकारियों से जवाब मांगा जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, समीक्षा में जिन विभागों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया जाएगा या शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही सामने आएगी,उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जा सकते हैं। इसलिए यह बैठक जिले के अधिकारियों के लिए अहम मानी जा रही है।
रिपोर्टर - बी.एस.चन्देल
No Previous Comments found.