डीएवी क्लस्टर एथलेटिक्स में डीएवी बरही का शानदार प्रदर्शन, 83 पदक किए अपने नाम

बरही :  डीएवी पब्लिक स्कूल, बरही के खिलाड़ियों ने रजरप्पा में 26 एवं 27 जुलाई 2026 को आयोजित डीएवी क्लस्टर लेवल एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 83 पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।

दो दिवसीय प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, हाई जंप, शॉटपुट तथा 4×100 एवं 4×400 मीटर रिले सहित कई स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 83 पदक हासिल किए। इस शानदार सफलता के साथ विद्यालय के कई खिलाड़ियों ने आगामी स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।

विद्यालय के प्राचार्य पुष्प कुमार झा ने इस उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन, नियमित अभ्यास और प्रशिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के खिलाड़ी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक हेमंत कुमार एवं राजेश कुमार सिंह ने भी खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने खेल भावना, आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सभी पदक विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए और अधिक मेहनत व लगन से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.