दुर्गापूजा को लेकर बरही में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश

बरही :  दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार की शाम बरही थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने की, जबकि संचालन सांसद प्रतिनिधि भगवान केशरी ने किया। बैठक में पु.नि. सह थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में जानकारी दी गई कि बरही क्षेत्र में 9 लाइसेंसधारी एवं 3 बिना लाइसेंस वाले पूजा स्थल हैं। वहीं तीन स्थानों पर रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पंडाल निर्माण, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, झांकी, रावण दहन, मूर्ति विसर्जन की तिथि एवं विसर्जन स्थलों की जानकारी प्रशासन के समक्ष रखी। बिजैया में 10 दिनों तक गंगा आरती, सप्तमी को जागरण तथा दशमी के दिन मेले का आयोजन किया जाएगा। वहीं करियातपुर में सप्तमी को जागरण, दशमी को रावण दहन एवं मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम होगा।

पूजा समितियों ने रखीं समस्याएं

गया रोड पूजा समिति के अध्यक्ष ने प्रशासन से अग्निशमन वाहन को तैयार रखने, गया रोड में बने गड्ढों को भरने, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने तथा चैन स्नैचिंग की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। वहीं जवाहर घाट पर मूर्ति विसर्जन के दौरान पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराने की मांग भी रखी गई। चौक-चौराहों पर खराब पड़े स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कराने की बात भी उठाई गई।

सीसीटीवी, बैरिकेडिंग और ड्रोन से होगी निगरानी

एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने कहा कि छोटे-बड़े सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा एवं वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाए। पंडालों में अग्नि सुरक्षा उपकरण, फर्स्ट एड किट, भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, अलग प्रवेश एवं निकासी द्वार तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने प्रत्येक पंडाल में पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर तैनात रखने की बात कही। दुर्गापूजा के अंतिम तीन दिनों में प्रमुख स्थलों पर पूजा समितियों द्वारा ड्रोन कैमरे से निगरानी भी की जा सकती है।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि प्रशासन और पूजा समितियां आपसी समन्वय से पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएंगी। मेले एवं पूजा के दौरान हुड़दंग फैलाने या माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में प्रशासन की ओर से साफ-सफाई एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने की पहल पर भी चर्चा हुई।

बैठक में प्रमुख मनोज रजक, उप प्रमुख देवलाल कुशवाहा, सद्भावना मंच अध्यक्ष राजसिंह चौहान, मुखिया छोटन ठाकुर, मनोज कुमार, पूर्व मुखिया दशरथ यादव, धनबाद रोड पूजा समिति अध्यक्ष नवलकिशोर सिंह, गया रोड पूजा समिति अध्यक्ष उदय केशरी, उपाध्यक्ष शिवा निषाद, पटना रोड पूजा समिति संरक्षक भुनेश्वर साहू, हजारीबाग रोड पूजा समिति अध्यक्ष राजेश केशरी, टिंकू आलम, पंसस जीतू ठाकुर, रिजवान अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टर : राहुल राणा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.