नकली सोना दिखाकर ठगी करने वाले 2 शातिर आरोपी गिरफ्तार, जगदलपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

बस्तर : नगरनार थाना क्षेत्र में ग्रामीण से नकली सोना दिखाकर 10,000 रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम और भारी मात्रा में नकली सोने के हार बरामद किए हैं। मंगनपुर निवासी प्रार्थी लिंगेश्वर सेठिया ने थाना नगरनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 अगस्त 2026 की सुबह वह अपने काम से जगदलपुर जा रहा था। इसी दौरान दो व्यक्ति उसके घर पहुंचे। इनमें से एक व्यक्ति मोहन लाल सोलंकी ने खुद को भिलाई का निवासी बताते हुए पैसों की सख्त जरूरत की बात कही। उसने लगभग 5 लाख रुपये मूल्य का सोने का हार दिखाकर प्रार्थी से रुपये मांगे। प्रार्थी द्वारा इतने अधिक पैसों का इंतजाम तुरंत करने में असमर्थता जताने पर, आरोपी ने रिश्तेदार को रायपुर भेजने का बहाना बनाकर 10,000 रुपये ऐंठ लिए और हार प्रार्थी के पास छोड़ दिया।

प्रार्थी ने जब उस हार की सोनार की दुकान पर जांच कराई, तो वह पीतल मिश्रित नकली सोना निकला। खुद के साथ ठगी का अहसास होते ही प्रार्थी ने 7 अगस्त 2026 को नगरनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मोहन लाल सोलंकी (52 वर्ष), निवासी- नेहरू चौक चरौदा, थाना भिलाई 03, जिला दुर्ग। मोहन राय (52 वर्ष), निवासी- हथनी पारा, वार्ड भाटापारा, जिला बलौदा बाजार। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी के 4,950 रुपये नकद, 342.190 ग्राम वजनी 3 नग नकली सोने के हार/माला और 1 मोबाइल जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 117/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विकेश तिवारी, पीएसआई दीपक सिंह ठाकुर, सउनि दिनेश ठाकुर, आरक्षक विक्रम उरांव, सुरेन्द्र तिर्की, अशोक सिंह और डीएसएफ आरक्षक भास्कर भारद्वाज व कार्तिक नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर - विवेक सोनवानी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.