बीडीओ बने आलोक कुमार का हुआ भव्य सम्मान, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत

साठी (पश्चिम चंपारण) : साठी थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव निवासी प्रतिभाशाली युवा आलोक कुमार के बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) बनने पर पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सिंहपुर में तैलिक साहू जनकल्याण समिति द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन कर उन्हें अंगवस्त्र, माला एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहकर सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर आलोक कुमार ने जो सफलता हासिल की है, वह क्षेत्र के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है।
वक्ताओं ने कहा कि आलोक कुमार की सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे सिंधपुर, साठी और पश्चिम चंपारण जिले की उपलब्धि है। उनकी मेहनत और संघर्ष की कहानी आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रेरित करेगी। समारोह में मौजूद लोगों ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में पहुंचकर आलोक कुमार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य करेंगे और क्षेत्र का नाम और ऊंचा करेंगे।
इस अवसर पर तैलिक साहू जनकल्याण समिति के जिला अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद गुप्ता समेत कई गणमान्य लोगों ने आलोक कुमार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच आलोक कुमार का स्वागत कर उनके संघर्ष और सफलता की सराहना की।

रिपोर्टर : विनोद कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.