मुहर्रम पर्व को लेकर पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
बिहार - बेतिया पुरुषोत्तमपुर (पश्चिम चंपारण) आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण,सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व थानाध्यक्ष एवं पुलिस पदाधिकारियों ने किया। इस दौरान मुहर्रम जुलूस एवं ताज़िया के निर्धारित रूट मार्गों सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। फ्लैग मार्च में थाना पुलिस,चौकीदार-दफादार तथा सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे। मार्च विभिन्न चौक-चौराहों,बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों से होकर गुजरा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति,भाईचारा एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
थानाध्यक्ष कमलेश भगत ने कहा कि, "मुहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। वहीं,शांति समिति के सदस्यों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों से परंपरागत तरीके से पर्व मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे और अनुशासन का पर्व है, जिसे सभी समुदायों के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि पर्व के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर - विनोद कुमार
No Previous Comments found.