अवैध डायनामाइट से हो रही ब्लास्टिंग,ग्रामीण परेशान

खेड़ली बाजार - ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध डायनामाइट का कारोबार जमकर फल फूल रहा है। सोमवार को खेड़ली बाजार में कुआं खुदाई, गहरी करण कार्य में डायनामाइट का उपयोग कर ब्लास्ट किया गया जिससे आसपास के रहवासियों को भी खासी परेशानी हुई। इस धमाके की सूचना तत्काल बोरदेही पुलिस को दी गई लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्र में विगत कई वर्षों से इस तरह के अवैध कारोबार पर पुलिस प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की जिसके चलते डायनामाइट के अवैध कारोबार को बढ़ावा मिला है। ग्रामीणों ने बताया कि आसपास के ग्रामों में डायनामाइट अवैध रूप से का भरपूर स्टॉक रखा जाता है। समय आने पर जगह-जगह अवैध ब्लास्ट भी किए जाते हैं। कुआं गहरीकरण एवं कुआं खुदाई के नाम पर यह कार्य करने वाले ट्रैक्टर संचालक बेखौफ होकर अवैध रूप से ब्लास्टिंग का कार्य करते आ रहे हैं।

फल-फूल रहा बारूद का अवैध कारोबार

विगत कई वर्षों से ग्रामीण क्षेत्र में बारूद ( डायनामाइट) का अवैध कारोबार जमकर फल फूल रहा है जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कभी कोई कार्रवाई नहीं की गई। अवैध डायनामाइट एवं बारूद के कारोबार का धंधा करने वाले प्रतिवर्ष लाखों रुपए का हेरफेर कर रहे हैं। इस तरह का अवैध कारोबार करने वाले के मन में पुलिस या प्रशासन का कोई खौफ नहीं है यह लोग अपने वाहनों में डायनामाइट का अवैध रूप से परिवहन भी कर लेते हैं जिसकी कभी कोई जांच नहीं की जाती। यदि पुलिस बारीकी से जांच पड़ताल करें तो बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हो सकता है।

पुलिस को करनी होगी छापा मार कार्रवाई

बोरदेही थाना क्षेत्र में केहलपुर, डंगारिया, बड़गांव, बोरदेही सहित आसपास के दर्जनों गांव में अवैध डायनामाइट एवं बारूद का लेनदेन तथा ब्लास्टिंग का कार्य हो रहा है। अवैध ब्लास्टिंग के चलते पर्यावरण प्रदूषण हो रहा है जिसके साथ आसपास के रहवासियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। किसी भी समय ब्लास्टिंग होने से लोगों में भय व्याप्त है। बोरदेही पुलिस को इस तरह के अवैध कार्य करने वालों की बारीकी से पड़ताल करनी होगी तथा छापामार कार्रवाई कर इन लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया जाना चाहिए साथ ही इनके ट्रैक्टर तथा बारुद परिवहन करने वाले वाहनों को राजसात करना चाहिए।

इनका कहना है...

खेत मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

राधेश्याम वट्टी 
थाना प्रभारी बोरदेही

संवाददाता : संदीप वाईकर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.