हरन्या में शासकीय भूमि पर अवैध प्लाटिंग का आरोप, कार्रवाई न होने पर महिला नेत्री ने जनसुनवाई में किया हंगामा
बैतूल : तहसील आमला के अंतर्गत ग्राम हरन्या में शासकीय भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण और प्लाटिंग को लेकर किसान संघर्ष समिति ने जनसुनवाई में जोरदार विरोध दर्ज कराया। समिति के पदाधिकारियों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि पूर्व में आदेश जारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ज्ञापन देने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के साथ कांग्रेस महिला नेत्री सीमा अतुलकर भी मौजूद रहीं। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के समक्ष नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होना चिंताजनक है और जब तक संतोषजनक कदम नहीं उठाए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसान संघर्ष समिति के तहसील अध्यक्ष दिनेश यदुवंशी ने बताया कि ग्राम पंचायत हरन्या की शासकीय भूमि खसरा नंबर 47/1/1, 47/1/2, 245 और 83 पर अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही है। आरोप है कि सरपंच, सचिव और हल्का पटवारी की मिलीभगत से पहाड़ी और चट्टानी भूमि को समतल कर करोड़ों रुपये की जमीन को अवैध तरीके से बेचने का कार्य किया जा रहा है। समिति के अनुसार, भोले-भाले ग्रामीणों को पट्टे के नाम पर गुमराह कर जमीन बेची जा रही है, जिससे न केवल शासन को राजस्व की हानि हो रही है बल्कि भविष्य में खरीदारों के साथ धोखाधड़ी की आशंका भी बढ़ रही है। ज्ञापन में मांग की गई है कि संबंधित दोषियों—सरपंच, सचिव और पटवारी—के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए तथा शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
रिपोर्टर : दिलीप चौकीकर

No Previous Comments found.