हत्या के प्रयास के फरार पांच आरोपी गिरफ्तार, एक जेल भेजा गया
कटनी : स्लीमनाबाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे पांच आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि चार अन्य आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डहेरिया एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुदेश कुमार एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने खेत पर गया था, जहां सागौन के पेड़ कटे हुए मिले। वह इसकी वीडियो बना रहा था, तभी राजभान यादव वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। शोर सुनकर उसके बेटे पप्पू यादव, लालू यादव, अंतु उर्फ अमित यादव और सचिन यादव ट्रैक्टर से मौके पर पहुंचे और विवाद में शामिल हो गए।
आरोप है कि पप्पू यादव ने लोहे की रॉड से हमला कर फरियादी को घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे फरियादी के माता-पिता पर भी आरोपियों ने हमला किया। राजभान यादव ने सब्बल से तथा पप्पू यादव ने कुल्हाड़ी से फरियादी की मां पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे।
मामले में थाना स्लीमनाबाद में अपराध क्रमांक 257/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। लगातार तलाश के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम खिरहनी के पास खेत से मुख्य आरोपी राजभान यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वहीं अन्य आरोपी संदीप उर्फ पप्पू यादव, सचिन यादव, लालू यादव एवं अंतु उर्फ अमित यादव ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने उनका रिमांड प्राप्त कर पूछताछ शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुदेश कुमार, उपनिरीक्षक सौरभ सोनी, प्रधान आरक्षक प्रेमशंकर पटेल, शेख यूसुफ, लखन पटेल, आरक्षक विवेक झारिया तथा साइबर सेल के आरक्षक अजय साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर : सुमित जायसवाल
No Previous Comments found.