स्कूल के अतिरिक्त कक्ष निर्माण में देरी पर सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक को नोटिस

बैतूल : कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को घोड़ाडोंगरी विकासखंड के ग्राम हीरापुर का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान ग्रामीण सविता सोनी ने आवास एवं आजीविका से जुड़ी समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता की जांच कर लाभ दिलाने तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम में संचालित किए जाने वाले रेशम केंद्र के संचालन के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ग्राम में नल-जल योजना बंद होने की शिकायत पर कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल टीम भेजकर जल स्रोत एवं पाइपलाइन की जांच कर शीघ्र समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा रखी गई मार्ग निर्माण, मनरेगा मजदूरी भुगतान सहित अन्य समस्याओं पर भी संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत भवन के नियमित एवं व्यवस्थित संचालन के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए।

➡️ प्राथमिक शाला का निरीक्षण, अतिरिक्त कक्ष निर्माण में देरी पर कार्रवाई

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्राम हीरापुर की प्राथमिक शाला का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर दर्ज छात्र संख्या की जानकारी ली तथा शिक्षकों को पर्याप्त रोशनी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करते हुए शाला का सुव्यवस्थित संचालन करने और नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष का भी अवलोकन किया। निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्यान्ह भोजन कक्ष का निरीक्षण कर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से तैयार किए जा रहे भोजन की जानकारी ली तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

➡️ स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण, पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हीरापुर का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों द्वारा चिकित्सक नहीं होने की शिकायत पर बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. पवित्र कुमार मिस्त्री की पदस्थापना हो चुकी है और उन्होंने गत दिवस कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कलेक्टर ने नवपदस्थ चिकित्सक को पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नियमित चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव सेवाओं, मलेरिया एवं डेंगू के प्रकरणों की जानकारी ली तथा आवश्यक दवाओं के उपलब्ध स्टॉक का भी निरीक्षण किया।

रिपोर्टर : संदीप वाईकर 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.