नेशनल लोक अदालत 12 दिसंबर को, बिजली चोरी के 10 लाख रुपये तक के मामलों में होगा समझौता

भोपाल : मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बिजली चोरी एवं विद्युत अनियमितताओं से जुड़े लंबित मामलों के निराकरण के लिए 12 दिसंबर 2026 (शनिवार) को नेशनल लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इस लोक अदालत में बिजली चोरी के ऐसे प्रकरणों का आपसी समझौते के माध्यम से निराकरण किया जाएगा, जिनमें आकलित सिविल दायित्व की राशि 10 लाख रुपये तक है।

कंपनी के कार्यक्षेत्र भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के 16 जिलों में यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। विद्युत वितरण कंपनी ने विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत बिजली चोरी के लंबित प्रकरणों तथा विशेष न्यायालयों में विचाराधीन मामलों के उपभोक्ताओं और उपयोगकर्ताओं से लोक अदालत में समझौता करने की अपील की है।

कंपनी के निर्णय के अनुसार निम्नदाब श्रेणी के समस्त घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं, 5 किलोवॉट तक के गैर-घरेलू उपभोक्ताओं और 10 अश्वशक्ति भार तक के औद्योगिक उपभोक्ताओं को निर्धारित शर्तों के तहत छूट का लाभ मिलेगा।

प्रि-लिटिगेशन मामलों में 30 प्रतिशत छूट

लोक अदालत में न्यायालय में प्रकरण पहुंचने से पहले यानी प्रि-लिटिगेशन स्तर पर कंपनी द्वारा आकलित सिविल दायित्व की राशि में 30 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। वहीं, निर्धारित समय में राशि जमा नहीं करने पर लगने वाले ब्याज में 100 प्रतिशत की छूट का प्रावधान रखा गया है।

लिटिगेशन मामलों में 20 प्रतिशत छूट

न्यायालय में लंबित यानी लिटिगेशन स्तर के प्रकरणों में आकलित सिविल दायित्व की राशि पर 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके अलावा निर्धारित अवधि के बाद लगने वाले ब्याज की राशि पर भी 100 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।

10 लाख रुपये तक के मामलों को मिलेगा लाभ

कंपनी के अनुसार यह छूट कुछ निर्धारित नियम एवं शर्तों के अधीन रहेगी तथा केवल उन्हीं प्रकरणों पर लागू होगी, जिनमें आकलित सिविल दायित्व की राशि 10 लाख रुपये तक है। यह विशेष छूट केवल 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में समझौता करने पर ही मान्य होगी।

बिजली वितरण कंपनी ने संबंधित उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे कानूनी कार्रवाई से बचने और छूट का लाभ प्राप्त करने के लिए अपने संबंधित बिजली कार्यालय से संपर्क कर नेशनल लोक अदालत में प्रकरण का निराकरण कराएं।

रिपोर्टर : संदीप वाईकर 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.