आंखों में आंसू, दिल में गर्व... अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा
भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। 38 वर्षीय रहाणे ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी। इस दौरान वह काफी भावुक नजर आए और उनकी आंखें नम हो गईं।
अपने विदाई संदेश में रहाणे ने कहा, "हर चीज का सही समय होता है। मुझे लगता है कि मेरी रिटायरमेंट का सही समय आ गया है। मैंने इस खेल को अपना सबकुछ दिया, जो मैं दे सकता था।"
रहाणे ने अपने क्रिकेट सफर को याद करते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA), अपने सभी कोचों, साथी खिलाड़ियों और IPL फ्रेंचाइजियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी पत्नी और परिवार को भी विशेष धन्यवाद दिया, जिन्होंने हर मुश्किल दौर में उनका साथ निभाया।
6 टेस्ट में कप्तानी, ऑस्ट्रेलिया में रचा इतिहास
अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 6 टेस्ट मैचों में कप्तानी की। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 4 मैच जीते, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। उनकी कप्तानी का सबसे सुनहरा अध्याय 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लिखा गया, जब नियमित कप्तान विराट कोहली की गैरमौजूदगी में उन्होंने टीम की कमान संभाली।
एडिलेड टेस्ट में मिली हार के बाद रहाणे की कप्तानी में भारत ने शानदार वापसी की। मेलबर्न टेस्ट जीतने के बाद टीम ने ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को हराकर 2-1 से बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम की। यह जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार उपलब्धियों में गिनी जाती है।
ऐसा रहा इंटरनेशनल करियर
अजिंक्य रहाणे ने 2011 में वनडे और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था, जबकि 2013 में टेस्ट क्रिकेट में पहला मैच खेला। उन्होंने जुलाई 2023 में अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला खेला, जो उनके करियर का अंतिम मैच साबित हुआ।
वनडे टीम से वह 2018 के बाद बाहर हो गए थे, जबकि टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 2016 के बाद कोई मैच नहीं खेला। लंबे समय तक टीम से बाहर रहने के बाद उन्होंने आखिरकार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला लिया।
रहाणे के इंटरनेशनल आंकड़े
अपने इंटरनेशनल करियर में रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले।
टेस्ट: 85 मैच, 5,077 रन, 12 शतक और 26 अर्धशतक
वनडे: 90 मैच, 2,962 रन, 3 शतक और 24 अर्धशतक
टी20 इंटरनेशनल: 20 मैच, 375 रन
विदेशी परिस्थितियों में शानदार बल्लेबाजी और मुश्किल समय में टीम को संभालने की उनकी क्षमता ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का भरोसेमंद खिलाड़ी बनाया। मेलबर्न शतक हो या गाबा की ऐतिहासिक जीत, अजिंक्य रहाणे का नाम भारतीय क्रिकेट इतिहास में हमेशा सम्मान के साथ लिया जाएगा।
हालांकि रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, लेकिन उन्होंने IPL से संन्यास की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
No Previous Comments found.