घाटरी में आंदोलन हुआ उग्र, अनिश्चितकालीन धरना भूख हड़ताल में बदला; गूंजा नारा
भरतपुर - भुसावर उपखंड के घाटरी गांव में कथित अवैध खनन और क्रेशरों के विरोध में चल रहा ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना अब भूख हड़ताल में बदल गया है। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे अपने और आने वाली पीढ़ी के स्वस्थ भविष्य,स्वच्छ वातावरण तथा गांव के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। धरना स्थल पर लगातार "न्याय दो या मार दो" के नारे गूंज रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से उनकी समस्याओं और शिकायतों के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से केवल तहसीलदार और पटवारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से वार्ता की, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान या लिखित आश्वासन नहीं मिला। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।
भूख हड़ताल पर बैठे लोगों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी से टकराव नहीं, बल्कि न्याय प्राप्त करना और क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित कराना है। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और आंदोलन को लगातार समर्थन मिल रहा है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि जल्द सकारात्मक समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है। हालांकि प्रशासन की ओर से मामले पर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।
रिपोर्टर - देवेन्द्र
No Previous Comments found.