भिवंडी में 2.21 करोड़ की जमीन घोटाले का खुलासा, बिल्डर पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
भिवंडी : भिवंडी में जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर 2.21 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर शांतीनगर पुलिस स्टेशन में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, मुंबई के मुलुंड निवासी सुरेश प्रताप रंगबहादुर सिंह (54) ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि आरोपी हसमुख केशवजी कंजारिया ने भिवंडी तहसील के पिंपळनेर और लोनाड क्षेत्र की जमीन बेचने के नाम पर उनसे बड़ी रकम वसूली।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने विभिन्न सर्वे नंबरों की जमीन के बदले आरटीजीएस, चेक और अन्य बैंकिंग माध्यमों से कुल 2 करोड़ 21 लाख 19 हजार रुपये लिए। इसके बाद जमीन के रजिस्टर्ड दस्तावेज भी तैयार कराए गए और सातबारा रिकॉर्ड में शिकायतकर्ता का नाम भी दर्ज हो गया।
हालांकि, आरोप है कि इसके बावजूद उसी जमीन को बाद में अन्य लोगों को भी बेच दिया गया। यह रजिस्ट्री 2, 3 और 27 फरवरी 2026 को भिवंडी-1 के उपनिबंधक कार्यालय में कराई गई थी। मामले की जानकारी मिलने पर शिकायतकर्ता ने आरोपी से पूछताछ की, जिस पर आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी दी। मामले के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी, विश्वासघात और धमकी से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक अरुण घोलप कर रहे हैं।
रिपोर्टर : मुस्तकीम खान


No Previous Comments found.